Advertisement
24 December 2021

कांग्रेस में सामने आई अंतर्कलह, अपने इस 'पुराने करीबी' की वजह से हरीश रावत के बदले तेवर

उत्तराखंड विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में अंतर्कलह सामने आई है। कांग्रेस में जारी हरीश रावत बनाम प्रीतम सिंह की जंग अब और तेज हो चली है। चुनाव नजदीक आते ही दोनों धड़ों के बीच खींचतान बढ़ गई है। दोनों धड़ों ने पूरी तरह एक- दूसरे से दूरी बना रखी है। चुनाव से पहले कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए गए। इसमें हरीश रावत कैंप ने प्रीतम गुट को झटका दिया।

हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक, प्रीतम सिंह को कांग्रेस अध्यक्ष से बदल कर नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया। हालांकि चार कार्यकारी अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष अपने मन मुताबिक बनाकर प्रीतम कैंप ने जवाब भी दिया। ये खींचतान अब और तेज हो चली है। प्रीतम सिंह भी चकराता को छोड़ कर अब हरीश रावत के गढ़ में जाकर प्रचार कर रहे हैं। कुमाऊं मंडल में भी प्रीतम अब लगातार सक्रिय हैं।

बता दें कि हरीश रावत लगातार चुनाव में कांग्रेस का चेहरा घोषित करने को लेकर दबाव बना रहे हैं। इसे लेकर वो लगातार सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय भी हैं। हर दूसरे दिन इस संबंध में उनकी कोई न कोई पोस्ट सुर्खियां बटोरती रहती है।

Advertisement

दूसरी ओर प्रीतम सिंह साफ कह चुके हैं कि दूल्हे का चेहरा ऐन मंडप पर ही नजर आएगा। उनका जोर सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने पर रहा है। खबर के मुताबिक, दोनों धड़ों को पूरी तरह लग रहा है कि 2022 में कांग्रेस की सरकार में वापसी हो रही है। ऐसे में सीएम पद को लेकर अभी से धड़ेबाजी तेज हो चली है। इसी धड़ेबाजी ने कांग्रेस की गुटबाजी को सड़क पर ला दिया है। हरीश बनाम प्रीतम के बीच की इस जंग में कार्यकर्ता, समर्थक मायूस और असमंजस में हैं। सभी को डर है कि ये खींचतान कहीं चुनाव में कांग्रेस को नुकसान न पहुंचाए।

प्रीतम सिंह एक जमाने में हरीश रावत कैंप के मजबूत सिपाही माने जाते थे। प्रीतम सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने तक भी दोनों के बीच संबंध मधुर ही थे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रीतम सिंह का तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्दयेश के साथ करीबी बढ़ती चली गई। इसी करीबी ने प्रीतम सिंह को हरीश रावत से दूर कर दिया। दोनों के बीच खाई बढ़ती चली गई। अब स्थिति ये है कि दोनों धड़ों में तलवारे खींची हुई हैं। एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttrakhand Elections, Uttrakhand Congress, Congress, Harish Rawat, Preetam Singh
OUTLOOK 24 December, 2021
Advertisement