Advertisement
11 June 2015

भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे मांझी

outlookindia.com

नई दिल्‍ली। जैसा कि उम्‍मीद की जा रही थी बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आज दिल्‍ली में भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद मांझी ने एनडीए में शामिल होने का फैसला किया है। उन्‍होंने कहा, नीतीश-लालू के गठबंधन को शिकस्त देने के लिए वह भाजपा से मिल कर चुनाव लड़ेंगे। हमें लालू और नीतीश को सत्ता में आने से रोकने के लिए साथ काम करना होगा।

रविवार को लालू प्रसाद यादव के राष्‍ट्रीय जनता दल और नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के बीच गठबंधन बाद मांझी के पास ज्‍यादा विकल्‍प नहीं बचे थे। गुरुवार को अमित शाह के साथ करीब आधे घंटे की बातचीत के बाद उन्‍होंने भाजपा के पाले में जाने का ऐलान कर दिया। हालांकि, उनकी पार्टी हिन्‍दुस्‍तान आवाम माेर्चो को भाजपा कितनी सीटें देगी, यह अभी साफ नहीं है। मांझी ने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी 15 जून को बैठक के बाद आगे की रणनीति तय करेगी। अमित शाह से बैठक के दौरान मांझी के साथ केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार मामलों के प्रभारी भूपेन्द्र यादव भी मौजूद थे। 

इससे पहले लालू प्रसाद यादव ने मांझी को राजद के साथ आने का न्‍योता दिया था। लेकिन मांझी ने साफ कह दिया कि वह एेसे किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे, जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने वाले नीतीश कुमार शामिल हों। उन्‍होंने दावा किया कि वह राज्य भर में घूमे हैं और जनता की आम राय है कि लालू-नीतीश गठबंधन से निजात पाना चाहते हैं। 

Advertisement

चुनाव बाद तय हो मुख्‍यमंत्री- मांझी 

एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्‍मीदवार के सवाल पर मांझी ने कहा कि बेहतर यही होगा कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाए। अमित शाह ने आज मांझी से मिलने से पहले एनडीए के घटक दल आरएलएसपी के नेता उपेन्द्र कुशवाहा से भी मुलाकात की। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे के संबंध में चर्चा हुई। 

हड़बड़ी में गड़बड़ी नीतीश की आदत: रविशंकर प्रसाद 

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, हड़बड़ी में गड़बड़ी करन और फिर पछताना नीतीश कुमार का स्वभाव है। आज तक वह मन ही मन सोचते होंगे पर भाजपा से अलग रहकर उन्होंने गलती की या नहीं, यह मैं उनके विवेक पर छोडता हूं। भाजपा के दरवाजे अब उनके लिए हमेशा के लिए बंद हैं। जिस तरह से जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद उन्होंने कहा था कि उनसे गलती हो गई उसी प्रकार से तीन-चार महीने के बाद बिहार की जनता जब उनसे पूछेगी तो वे कहेंगे कि लालू जी के साथ जाकर गलती की। ये बातें रविशंकर प्रसाद ने नीतीश कुमार के बढ़ चला बिहार अभियान पर टिप्‍पणी करते हुए कहीं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: जीतन राम मांझी, विधानसभा चुनाव, बिहार, पूर्व मुख्‍यमंत्री, भाजपा, गठबंधन, NDA, BJP, Bihar, former CM, Jitan Ram Manjhi
OUTLOOK 11 June, 2015
Advertisement