Advertisement
27 May 2023

कर्नाटक में सिद्धारमैया मंत्रिमंडल का विस्तार: इन नए मंत्रियों ने ली शपथ, देखें तस्वीरें

ट्विटर/एएनआई

कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने के एक सप्ताह बाद शनिवार को 24 विधायकों को मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जा रही है। मुख्यमंत्री का विगत दिन नई दिल्ली जाकर कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करना भी इसी का एक हिस्सा माना जा रहा था। बता दें कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सहित 10 मंत्रियों को 20 मई को शपथ दिलाई गई थी।

सिद्धारमैया और शिवकुमार पिछले तीन दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में थे और उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार पर पार्टी नेतृत्व से कई दौर की चर्चा की थी।

- कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक के. वेंकटेश, डॉ. एच. सी. महादेवप्पा, ईश्वर खंड्रे, के. एन. राजन्ना ने मंत्री पद की शपथ ली।

Advertisement

 

- कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक दिनेश गुंडू राव, शरणबसप्पा दर्शनापुर, शिवानंद पाटिल, टी. आर. बालप्पा ने मंत्री पद की शपथ ली।

कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक एच. के. पाटिल, कृष्णा बायरे गौड़ा, एन. चेलूनारस्वामी ने मंत्री पद की शपथ ली।

कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक एन.एस. बोस राजू, सुरेश बी.एस. को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक मधु बंगारप्पा, डॉ. एम. सी. सुधाकर, बी. नागेंद्र को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

- वहीं, दूसरी तरफ कर्नाटक कांग्रेस नेता रुद्रप्पा लमानी के समर्थकों ने नेता के लिए मंत्री पद की मांग को लेकर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू किया है।

 

शपथ लेने वाले 24 मंत्रियों की लिस्ट

 

कर्नाटक कांग्रेस के 24 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इन नेताओं में दिनेश गुंडुराव, शरणबसप्पा दर्शनापुर, एचके पाटिल, कृष्णा बायरे गौड़ा, एन चेलुवरायस्वामी, के वेंकटेश, शिवानंद पाटिल, तिम्मापुर रामप्पा बलप्पा, एसएस मल्लिकार्जुन, तंगदगी शिवराज संगप्पा, डॉक्टर एचसी महादेवप्पा, ईश्वर खंड्रे, क्याथासंद्रा एन राजन्ना, डॉक्टर शरणप्रकाश रुद्रप्पा पाटिल, संतोष एस लाड, एनएस बोस राजू, सुरेश बीएस, मधु बंगारप्पा, डॉक्टर एमसी सुधाकर, मंकल वैद्य, लक्ष्मी आर हेब्बालकर, रहीम खान, डी सुधाकर और बी नागेंद्र शामिल हैं।

24 नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, हमने क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक न्याय की दृष्टि से निर्णय लिया है (मंत्रीपरिषद पर)। हमने हाई कमांड के साथ इस पर गहन चर्चा करने के बाद ही मंत्रीपरिषद तय किया है। हम अगली कैबिनेट बैठक पर अपने किए वादों पर फैसला लेंगे। अगली कैबिनेट बैठक जून में होने की संभावना है

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के सी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला सहित शीर्ष केंद्रीय नेताओं के साथ सिद्दरमैया और शिवकुमार की घंटों लंबी बातचीत के बाद 24 मंत्रियों के नाम तय किए गए थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने मंत्रियों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई।

इससे पहले कर्नाटक के दोनों नेताओं सिद्धारमैया और शिवकुमार ने राज्य में सरकार बनने के बाद पहली बार सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सूत्रों ने बताया कि संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच मतभेद उभरे थे, लेकिन चर्चा के दौरान इन्हें सुलझा लिया गया।

इस बीच, कांग्रेस के कई नेता नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली से बेंगलुरु रवाना हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके झारखंड के समकक्ष हेमंत सोरेन भी शनिवार के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Karnataka Cabinet expansion, 24 legislators, oath, ministers
OUTLOOK 27 May, 2023
Advertisement