Advertisement
25 October 2025

लालू प्रसाद ने राजग सरकार पर छठ पर पर्याप्त ट्रेन नहीं चलवाने का आरोप लगाया

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने शनिवार को केंद्र सरकार पर छठ पूजा के दौरान अपने घर आने के इच्छुक बिहार के प्रवासी श्रमिकों के लिए पर्याप्त ट्रेन नहीं चलाने का आरोप लगाया और कहा कि वे लोग “अमानवीय परिस्थितियों में यात्रा करने को मजबूर” हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोग त्योहार के लिए बिहार जाने वाली ठसाठस भरी ट्रेन में यात्रा करते यात्री दिखाई दे रहे हैं। राजद प्रमुख ने ‘एक्स’ पर लिखा, “झूठ के बेताज बादशाह और जुमलों के सरदार ने शेखी बघारते हुए कहा था कि देश की कुल 13,198 ट्रेनों में से 12,000 रेलगाड़ियां छठ पर्व के अवसर पर बिहार के लिए चलाई जायेंगी। यह भी सफेद झूठ निकला। मेरे बिहार वासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में यात्रा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हाल ही में बिहार में एक जनसभा में कहा था कि रेल मंत्रालय ने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस बार विशेष रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 12,000 कर दी है।

Advertisement

प्रसाद ने कहा, “ 20 साल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में पलायन का दंश झेल रहे बिहारियों के लिए लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियां ढंग से नहीं चलवा सकते।”

उन्होंने लिखा, “मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा है। कितना शर्मनाक है? डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रतिवर्ष बिहार के चार करोड़ से अधिक लोग काम के लिए अन्य राज्यों में पलायन करते हैं।”

उन्होंने कहा,“संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के बाद से राजग सरकार ने बिहार में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगाया। ये लोग बिहार विरोधी है।”

बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीयविधानसभा के चुनाव दो चरण में छह और 11 नवंबर को होंगे। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lalu Prasad Yadav, NDA government, trains for Chhath
OUTLOOK 25 October, 2025
Advertisement