Advertisement
19 March 2019

पश्चिम बंगाल: वाम मोर्चा ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, चार सीटें छोड़ीं

File Photo

वाम मोर्चा ने पश्चिम बंगाल में 2019 चुनाव के लिए मंगलवार को अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 13 लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें दार्जिलिंग, आसनसोल और कोलकाता की सीटें भी शामिल हैं। वाम मोर्चे ने राज्य के 42 लोकसभा सीटों में से 25 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा 15 मार्च को ही कर दिया था।

कांग्रेस की चार सीटों पर नहीं खड़ा किया उम्मीदवार

पांच साल पहले जिन चार लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी इन पर पार्टी ने किसी उम्मीदवार को खड़ा नहीं किया है। ये सीट मालदा नॉर्थ, मालदा साउथ, जंगीपुर और बहरामपुर है। हालांकि, लेफ्ट और कांग्रेस के बीच इन सीटों पर बंटवारे की बातचीत कुछ दिन पहले बेनतीजा खत्म हो गई थी।

Advertisement

कांग्रेस पर साधा निशाना

हाल ही में वाममोर्चा ने पश्चिम बंगाल में चुनावी गठबंधन टूटने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने सोमवार को कांग्रेस द्वारा राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करने पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में भाजपा और तृणमूल को मदद कर रही है। यह कांग्रेस का गेम प्लान है।

भाकपा के महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने कहा कि वाममोर्चा पश्चिम बंगाल में सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस की अनुचित मांग को स्वीकार नहीं कर सकता है। दोनों दल अब राज्य में लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ेंगे। उन्होंने गठबंधन पर बातचीत से कांग्रेस को हटने के पर उसकी आलोचना की।

कांग्रेस और वाम मोर्चा के बीच नहीं बनी बात

राज्य में 42 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 17 सीटें मांग रही थी। वाममोर्चा कांग्रेस के लिए 12 सीटें छोड़ने को तैयार था। कांग्रेस और जो चार सीटों की मांग पर अडिग थी, वह वाममोर्चा के कोटे की थीं। कांग्रेस की अतिरिक्त सीटों की मांग अनुचित थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Left parties, 38 constituencies, West Bengal.
OUTLOOK 19 March, 2019
Advertisement