Advertisement
05 February 2019

यूपी विधानसभा में सपा-बसपा का हंगामा, राज्यपाल पर फेंके कागज के गोले

ANI

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के विधायकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा के अंदर राज्यपाल पर कागज के गोले फेंके गए। प्रदर्शन के दौरान एसपी के एक विधायक बेहोश हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘’राज्यपाल के खिलाफ जिस तरह नारेबाजी की गई और सपा विधायकों ने उन पर कागज के गोले फेंके, यह निंदनीय है। जिस तरह सपा-बसपा सदस्यों ने राज्यपाल के सामने व्यवहार किया, हम इसका भर्त्सना करते हैं। आप कल्पना कर सकते हैं, ये लोग किस तरह की व्यवस्था चाहते हैं।‘’

22 फरवरी तक चलेगा बजट सत्र

Advertisement

योगी सरकार का तीसरा बजट सत्र 22 फरवरी तक चलना प्रस्तावित है। मंगलवार को शुरू हुए इस सत्र के पहले दिन जमकर हंगामा हुआ। एसपी के नेता विधानसभा के बाहर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ एक सांड का कटआउट भी था। उन्होंने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इन तख्तियों में लिखा था कि सांड और किसान दोनों परेशान।

सदन में उछाले कागज के गोले

विधानमंडल के बजट सत्र में राज्यपाल राम नाईक अभिभाषण देने पहुंचे। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने उनकी ओर कागज के गोले उछाले और नारेबाजी की। राज्यपाल ने लगभग 11 बजे सदन में जैसे ही अभिभाषण पढ़ना शुरू किया, विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने 'राज्यपाल वापस जाओ' के नारे लगाये और नाईक की तरफ कागज के गोले फेंके। हालांकि राज्यपाल की ओर फेंके गये कागज के गोले उन तक नहीं पहुंच सके और सुरक्षाकर्मियों ने फाइल कवर के सहारे उन्हें रोक लिया। विपक्षी सदस्यों के लगातार शोरगुल के बीच राज्यपाल ने अभिभाषण पढ़ना जारी रखा और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में सिलसिलेवार ब्यौरा पेश किया।

आजम बोले मुसलमानों के साथ हो रहा गलत सलूक

प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने बीजेपी सरकार को जुमले वाली सरकार करार देते हुए पीएम मोदी व सीएम योगी के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसपी नेता आजम खान ने कहा कि इस देश में मुसलमानों के साथ गलत सलूक हो रहा है। क्या यही राज है? आजम ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शुरु किए सत्याग्रह पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद उस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए, वे देश के हर व्यक्ति के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद में कुंभ नहीं है बल्कि तमाशा हो रहा है। आने वाले समय में वहां रैलियां व सम्मेलन करने के लिए इस सरकार ने दरवाजे खोल दिए हैं। कुंभ को राजनीतिक का अड्डा बना दिया है।

विधायक हुए बेहोश

प्रदर्शन के दौरान अचानक एक विधायक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि विधायक का नाम सुभाष पासी है। वह सैदपुर सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lucknow, SP and BSP, MLAs, UP state legislative assembly, yogi adityanath
OUTLOOK 05 February, 2019
Advertisement