Advertisement
26 May 2025

मध्य प्रदेश बनता रहा है ‘रेप कैपिटल’, मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था संभालने में विफल: कांग्रेस

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के खंडवा में एक आदिवासी महिला की दुष्कर्म के बाद हुई मौत की घटना को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि यह राज्य देश की ‘रेप कैपिटल’ और ‘शराब कैपिटल’ बनता जा रहा है तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव बतौर गृह मंत्री कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने में विफल रहे हैं।

पार्टी प्रकोष्ठ ‘आखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस’ के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने यह भी कहा कि इस मामले के लिए त्वरित अदालत का गठन किया जाए, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

 

Advertisement

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में कथित तौर पर दो लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद 45-वर्षीय एक आदिवासी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

 

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर खालवा तहसील के रोशनी पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार को हुई घटना के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

भूरिया ने संवाददाताओं से कहा कि खंडवा की वीभत्स घटना पर प्रशासन मौन धारण किए हुए है।

 

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेलगाम हो गई है और जब मुख्यमंत्री ही खुद गृह मंत्री हैं तो क्या ऐसी घटनाएं होनी चाहिए?

 

भूरिया ने दावा किया कि मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद से बलात्कार की घटनाएं 18 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं और आदिवासी महिलाओं के साथ अपराध के मामले में यह आंकड़ा 26 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राज्य की भाजपा सरकार का शराब माफियाओं और अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। मध्य प्रदेश ‘रेप कैपिटल’ और ‘शराब कैपिटल’ बनता जा रहा है।’’

 

भूरिया का कहना था, ‘‘इकत्तीस मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी मध्य प्रदेश के भोपाल आ रहे हैं। विडंबना देखिए कि जिस प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं, बलात्कार हो रहा है, वहां महिलाओं के लिए एक ‘महा महिला सम्मेलन’ आयोजित किया जा रहा है।’’

 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहूंगा कि मध्य प्रदेश पहुंचने से पहले यह तय करें कि आप मध्य प्रदेश की बहनों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही मध्य प्रदेश को एक पूर्णकालिक गृह मंत्री दिया जाए, क्योंकि मुख्यमंत्री से गृह मंत्रालय संभल नहीं रहा है। इस मामले के लिए त्वरित अदालत का गठन किया जाए, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।’’

 

भूरिया ने बताया, ‘‘इस घटना के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीन-सदस्यीय एक दल गठित किया है, जो इसकी पूरी जांच करेगा। हम इस मुद्दे को लेकर पूरी ताकत से लड़ेंगे।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Madhya Pradesh, 'rape capital', Chief Minister, maintain law and order, Congress
OUTLOOK 26 May, 2025
Advertisement