Advertisement
25 June 2022

मौजूदा संकट को हम संकट नहीं मानते, हमारे लिए पार्टी विस्तार का बहुत बड़ा मौका: संजय राउत

ट्विटर

महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच शिवसेना के राष्ट्रिय प्रवक्ता संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है। मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक संकट को वे संकट नहीं मानते, बल्कि इसे वे पार्टी विस्तार के लिए एक अवसर के रूप में देख रहे हैं।

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमारी आज की कार्यकारिणी की बैठक बहुत महत्वपूर्ण है। इस बैठक में कई निर्णय होंगे। ये पार्टी राज्य और देश में बहुत बड़ी पार्टी है। इस पार्टी को बनाने में बालासाहेब जी, उद्धव जी और सभी कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना बहाया है।

शिवसेना नेता ने कहा कि इस पार्टी (शिवसेना) पर कोई आसानी से डाका नहीं डाल सकता है। केवल पैसे के दम पर कोई पार्टी नहीं खरीद सकता है। अभी जो संकट है उसे हम संकट नहीं मानते बल्कि ये हमारे लिए पार्टी विस्तार का बहुत बड़ा मौका है।

Advertisement

संजय राउत ने 38 विधायकों के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा वापस लेने पर एकनाथ शिंदे के पत्र पर कहा कि आप विधायक हैं, इसलिए आपको सुरक्षा प्रदान की गई है। आपके परिवार के सदस्यों को समान नहीं दिया जा सकता।

बता दें कि शुक्रवार को शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने कहा था कि, ‘कल हमने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष से 16 लोगों को अपात्र करने की विनती की थी। आज हमने उनसे फिर से बात की और कार्यवाही शुरू करने को कहा। कल-परसों में उन सदस्यों को अपात्र करने की नोटिस जाएगी।

कानून कहता है कि जब 2/3 सदस्य किसी राजनीतिक दल को छोड़ देते हैं तो उन्हें दूसरी पार्टी में विलय करना पड़ता है। अब वे भगवा और शिवसेना से दूर जाएंगे..जो कहते थे कि हम ही शिवसेना हैं तो अब वे स्थायी रूप से शिवसेना से दूर होने वाले हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Maharashtra Political Crisis, Sanjay Raut, Uddhav Thackeray, Eknath Shinde, Rebel MLAs
OUTLOOK 25 June, 2022
Advertisement