Advertisement
11 September 2018

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर बोलीं मायावती, कांग्रेस की राह पर चल रही है भाजपा

File Photo

बसपा सुप्रीमो मायावती ने देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मौजूदा  सरकार पूर्व की यूपीए सरकार की तरह वही फैसले ले रही है जिसके लिए पिछली सरकार की आलोचना हुई थी।

मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेस में बसपा प्रमुख ने कहा कि 2004 से 2009 के बीच यूपीए-वन के समय तो पेट्रोल को सरकार नियंत्रण से बाहर करने का फैसला कांग्रेस इसलिए नहीं ले पाई क्योंकि तब सहयोगी पार्टियों का दबाव था लेकिन यूपीए-2 के समय जून 2010 में कांग्रेस ने इसे सरकारी नियंत्रण से बाहर कर दिया। अब भाजपा भी इसी राह पर चल रही है जिसके चलते कीमतें आसमान छू रही हैं। केंद्र की वर्तमान सरकार अपने उद्योगपति दोस्तों को नाराज नहीं करना चाहती इसलिए पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम नहीं करना चाहती।

जनता सिखाएगी सबक

Advertisement

मायावती ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का कहना है कि केंद्र सरकार पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण नहीं कर सकती क्योंकि इसके लिए अन्तर्राष्ट्रीय कारण जिम्मेदार हैं। बसपा केंद्र के इस जवाब पर सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र अगर चाहे तो महंगाई पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने भारत की जनता को लाचार बना दिया है। खासकर गरीबों को महंगाई के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mayawati, targets, Modi govt, fuel, prices, congress, BJP, same coin
OUTLOOK 11 September, 2018
Advertisement