Advertisement
02 December 2017

महबूबा छठी बार चुनी गईं पीडीपी की अध्यक्ष

google

जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती एक बार फिर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की कमान संभालेंगी। वह लगातार छठी बार पीडीपी की अध्यक्ष चुनी गईं हैं और उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। उनका अध्यक्ष पद के लिए जीतना तय था क्योंकि कोई अन्य प्रत्याशी उनके खिलाफ खड़ा नहीं था। उनके चयन के लिए मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक में उनके चुने जाने की घोषणा की गई।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने ट्वीट कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने वादा किया कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विकास के लिए समग्रता और सामंजस्य से काम करेंगी। 57 वर्षीय महबूबा कानून की स्नातक हैं और 1996 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था।

गौरतलब है कि, पीडीपी अध्यक्ष पद का कार्यकाल तीन वर्ष का है। पीडीपी की स्थापना 1999 में हुई थी। उस समय पहले अध्यक्ष मुफ्ती मोहम्मद सईद बने थे। मुफ्ती के नेतृत्व में 2002 में पीडीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार अस्तित्व में आई और 2003 में महबूबा मुफ्ती ने पार्टी की कमान संभाल ली। वर्ष 2003 से लेकर आज तक महबूबा ही पीडीपी की अध्यक्ष बनी हुईं हैं। महबूबा मुफ्ती राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं और चार अप्रैल 2016 को उन्होंने पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार की कमान संभाली। बतौर मुख्यमंत्री उनका पहले वर्ष का कार्यकाल काफी चुनौती भरा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mehbooba, Mufti, elected, PDP, president, jammu, kashmir
OUTLOOK 02 December, 2017
Advertisement