Advertisement
19 February 2022

पंजाब चुनाव से एक दिन पहले मुश्किलों में घिरे नवजोत सिंह सिद्धू, डीएसपी ने दर्ज कराया ये केस

पंजाब में 117 सीटों पर कल यानी रविवार को होने वाले विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू मुश्किलों में घिरते दिख रहे हैं। अमृतसर ईस्ट सीट पर चुनाव लड़ रहे पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ चंडीगढ़ के डीएसपी ने क्रिमिनल मानहानि का केस दर्ज कराया है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चंडीगढ़ के डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल ने सिद्धू के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में क्रिमिनल मानहानि याचिका दायर की है। डीएसपी ने कहा, "साल 2021 में एक रैली के दौरान पुलिस के खिलाफ अपनी टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगने में सिद्धू विफल रहे हैं।"

Advertisement

बता दें कि साल 2021 दिसंबर के महीने में पंजाब के पूर्व मंत्री अश्निनी सेखड़ी की रैली में पहुंचे सिद्धू ने पंजाब पुलिस का जमकर मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था, "अश्विनी सेखड़ी अगर एक धक्का मार दें तो थानेदार की पैंट गीली हो जाती है।" वहीं, जब उनसे इस बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल मजाक में कहा था। सिद्धू ने ये तक कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।" वहीं, इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी ने नवजोत सिंह सिद्धू को नोटिस भेज कर मानहानि का मामला दर्ज कराया था।

गौरतलब है कि पंजाब में 20 फरवरी को मतदान है। राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को शाम छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों के प्रत्याशियों और स्टार प्रचारकों ने अपनी पार्टी की जीत के लिए पूरा जोर लगाया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab Elections, Punjab Election 2022, Punajb Congress, Navjot Singh Sidhu, criminal defamation plea
OUTLOOK 19 February, 2022
Advertisement