Advertisement
21 January 2019

मायावती के खिलाफ विवादित बयान पर बीजेपी विधायक साधना सिंह को महिला आयोग का नोटिस

ANI

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के खिलाफ विवादित बयान देने वाली भारतीय जनता पार्टी की महिला विधायक साधना सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस जारी किया है। महिला आयोग ने कहा कि साधना की टिप्पणी बेहद अपमानजनक, अनैतिक और महिलाओं की गरिमा और सम्मान के प्रति अनादर है। आयोग ने साधना से संतोषजनक स्पष्टीकरण मांगा है।

महिला आयोग ने बीजेपी विधायक की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाती है। साथ ही महिला आयोग ने साधना सिंह को इस विवादित टिप्पणी को लेकर आयोग के सामने जवाब देने के लिए भी निर्देशित किया है।

जानें क्या बोला था साधना सिंह ने

Advertisement

बीजेपी विधायक साधना सिंह का हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में भाजपा की विधायक साधना सिंह ने कथित तौर पर बसपा प्रमुख मायावती की तुलना किन्नरों से करते हुए उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। सपा और बसपा ने भाजपा विधायक की इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। वहीं, दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग ने बसपा प्रमुख पर की गई टिप्पणी पर स्वत: संज्ञान लिया है।

मायावती न तो महिला लगती हैं और ना ही पुरुष

मुगलसराय क्षेत्र से भाजपा विधायक साधना सिंह ने चंदौली जिले के करणपुरा गांव में शनिवार को आयोजित किसान कुंभ कार्यक्रम में मायावती का जिक्र करते हुए कहा था, ‘हमको तो उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ना तो महिला लगती हैं और ना ही पुरुष। इनको तो अपना सम्मान ही समझ में नहीं आता। जिस महिला का इतना बड़ा चीर हरण हुआ, उसने कुर्सी पाने के लिए अपना सारा सम्मान बेच दिया। ऐसी महिला मायावती का हम इस कार्यक्रम के माध्यम से तिरस्कार करते हैं’।

साधना ने कहा, ‘वह महिला नारी जात पर कलंक हैं। जिस महिला की आबरू को भाजपा के नेताओं ने लुटते-लुटते बचाया उसी ने सुख-सुविधा के लिए, अपने वर्चस्व को बचाने के लिए अपमान पी लिया। ऐसी महिला तो किन्नर से भी ज्यादा बदतर है। वह ना नर है, ना महिला है उसकी गिनती किस श्रेणी में करनी है’।

साधना सिंह ने अपने बयान को लेकर मांगी माफी

इस वीडियो में साधना सिंह के जरिए बीएसपी सुप्रीमो मायावती के लिए अमर्यादित टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद साधना सिंह ने इसको लेकर माफी भी मांगी। बीएसपी प्रमुख मायावती पर अपने बयान को लेकर साधना सिंह ने लिखित में कहा, 'मेरी मंशा किसी को अपमानित करने की नहीं थी, बल्कि मेरी मंशा सिर्फ और सिर्फ यही थी कि 2 जून 1995 को गेस्ट हाउस कांड में बीजेपी ने जो मायावती की मदद की थी उसे सिर्फ याद दिलाना था न कि उनका अपमान करना था, यदि मेरे शब्दों से किसी को कष्ट हुआ है तो मैं खेद प्रकट करती हूं।'

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: NCW, issues notice, BJP MLA Sadhna Singh, remarks on BSP Chief Mayawati
OUTLOOK 21 January, 2019
Advertisement