Advertisement
12 November 2018

हमारे विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं नीतीश कुमार: उपेन्द्र कुशवाहा

बिहार एनडीए में अभी कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एनडीए के सहयोगी आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के प्रमुख नीतीश कुमार पर अपने विधायक तोड़ने का आरोप लगाया है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में कहा कि नीतीश कुमार हमारे विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार उपेंद्र कुशवाहा और आरएलएसपी को नुकसान पहुंचाने पर उतर आए हैं, लेकिन वह हमें कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकते। वह एनडीए का हिस्सा हैं और हम भी। उन्हें ऐसे प्रयास नहीं करने चाहिए।

2019 के आम चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर पहले से बिहार में एनडीए के सहयोगी दलों में पेच फंसा हुआ है। रविवार को भी कुशवाहा ने ट्विटर के जरिए बिहार सीएम पर हमला बोला था।

Advertisement

उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी के दोनों विधायकों के जदयू में शामिल होने की अटकलों को लेकर रविवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

दरअसल, रालोसपा विधायक सुधांशु शेखर के आज यहां जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर से मुलाकात की खबर पर कुशवाहा ने ट्वीट करके जदयू अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वैसे तो नीतीश कुमार जी, आपको तोड़-जोड़ में महारत हासिल है। बसपा, लोजपा, राजद, कांग्रेस और अब रालोसपा...! लेकिन बिहार व देश की जनता सब देख रही है। हम गरीबों, शोषितों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों और गरीब सवर्णों के हक के लिए लड़ते रहेंगे। आप चाहे जितना प्रहार करें।’’

रालोसपा विधायक सुधांश शेखर के जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर के साथ आज मुलाकात करने पर उनके साथ..साथ कुशवाहा की पार्टी के दूसरे विधायक ललन पासवान के जदयू में शामिल होने की अटकलें लगायी जा रही हैं।

2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में रालोसपा ने केवल दो सीटें जीती थीं। इसके अन्य विधायक ललन पासवान पहले से ही जहानाबाद से पार्टी के सांसद अरुण कुमार की अध्यक्षता वाले एक असंतुष्ट समूह में शामिल हो चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nitish Kumar, trying, poach, MLAs, RLSP Chief, Upendra Kushwaha, Delhi
OUTLOOK 12 November, 2018
Advertisement