Advertisement
28 November 2019

विधानसभा उपचुनाव में तीनों सीटों पर जीती टीएमसी, ममता बोलीं- यह जनादेश भाजपा के घमंड के खिलाफ

File Photo

पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को तीन सीटों पर जीत मिली। तीनों सीटों पर जीत करने के बाद मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि यह विकास और लोगों की जीत है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली जीत ‘धर्मनिरपेक्षता और एकता’ के पक्ष में और ‘एनआरसी’ के खिलाफ जनादेश है। बंगाल की जनता ने एनआरसी और घमंड की राजनीति के खिलाफ जनादेश दिया। लोगों ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि एक, दो, तीन भाजपा का विदाई दिन। इस साल लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 18 पर जीत दर्ज की थी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भाजपा अपने अहंकार और राज्य के लोगों को ‘‘अपमानित’’ करने का परिणाम भुगत रही है। ममता ने कहा, ‘उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा को नहीं सोचना चाहिए कि देश के लोग बहुमत (भाजपा के पास) नहीं होने के बावजूद राज्यों में सरकार गठन के उसके धौंस जमाने वाले तौर तरीकों को स्वीकार कर लेंगे।’

लोगों ने भाजपा को सिरे से खारिज कर दिया है

Advertisement

ममता ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘हम इस जीत का श्रेय बंगाल की जनता को देते हैं। भाजपा अपने अहंकार और बंगाल के लोगों को अपमानित करने का परिणाम भुगत रही है। लोगों ने उसे सिरे से खारिज कर दिया है। वह (भाजपा) इस देश के नागरिकों को शरणार्थी घोषित करने और उन्हें हिरासत केंद्रों में भेजना चाहती है।’

उपचुनाव के नतीजे भाजपा के खिलाफ लोगों के आक्रोश को प्रदर्शित करते हैं

उन्होंने कहा कि माकपा और कांग्रेस खुद को मजबूत करने के बजाय पश्चिम बंगाल में भाजपा की मदद कर रही हैं। रोजगार सृजन में नाकाम रहने और धर्म की राजनीति करने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए ममता ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के हालिया विधानसभा चुनाव तथा बंगाल विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भाजपा के खिलाफ लोगों के आक्रोश को प्रदर्शित करते हैं।

इन तीन सीटों पर टीएमसी को मिली जीत

यहां कालियागंज सीट पर उसके उम्मीदवार तपन देब सिंह को 2304 मतों से जीत मिली है। खड़गपुर सदर सीट पर तृणमूल के प्रदीप सरकार ने भाजपा के प्रेमचंद्र झा को 20 हजार से अधिक वोटों से हराया। करीमपुर में उसके उम्मीदवार बिमलेंदु सिन्हा रॉय भाजपा के जय प्रकाश मजूमदार से जीत दर्ज की हैं।  

क्यों हुएउपचुनाव

बंगाल की खड़गपुर सदर सीट से भाजपा के दिलीप घोष और करीमपुर सीट से तृणमूल की महुआ मोइत्रा विधायक थीं। दोनों के सांसद बनने से यह सीटें खाली हो गई थीं। जबकि कालियागंज सीट पर कांग्रेस विधायक प्रमथ नाथ रे का निधन हो गया था। वहीं, उत्तराखंड की पिथौरागढ़ सीट भी भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन से खाली हुई थी। पार्टी ने उपचुनाव में उनकी पत्नी चंद्रा पंत को मैदान में उतारा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Politics, arrogance, won't work, people, rejected, BJP, Mamata, by-poll Results
OUTLOOK 28 November, 2019
Advertisement