Advertisement
05 November 2023

राजस्थान चुनाव: हवामहल सीट से मंत्री महेश जोशी का टिकट कटा, आर आर तिवाड़ी ने भरा नामांकन

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने छठी लिस्ट जारी कर 22 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम आर आर तिवाड़ी का है, जिन्हें राज्य के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के स्थान पर हवा महल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी की ओर से शनिवार को जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, जयपुर की हवा महल विधानसभा सीट से तिवाड़ी को टिकट दिया गया है। वह पार्टी की जयपुर शहर इकाई के अध्यक्ष हैं। महेश जोशी इस सीट से मौजूदा विधायक हैं।

कांग्रेस उम्मीदवारों की छठी सूची में कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल का नाम भी नहीं है। उनके टिकट को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है।

Advertisement

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले धारीवाल और जोशी वे दो प्रमुख नेता हैं, जिन्हें 2022 में कांग्रेस विधायक दल की बैठक से अलग एक समानांतर बैठक बुलाने का जिम्मेदार माना जाता है। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता बताया था।

कांग्रेस उम्मीदवारों की छठी सूची में युवा कांग्रेस के नेता अभिमन्यु पूनिया का नाम शामिल है, जिन्हें संगरिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, जोधपुर की सूरसागर विधानसभा सीट से शहजाद खान छंगनी को टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने भरतपुर विधानसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के लिए छोड़ दी है। पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 178 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

बता दें कि राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajasthan Elections, Minister Mahesh Joshi, ticket canceled, Hawamahal seat, RR Tiwari, nomination
OUTLOOK 05 November, 2023
Advertisement