Advertisement
10 December 2022

राजनाथ सिंह, बीएस येदियुरप्पा बनाए गए गुजरात के पर्यवेक्षक, आज विधायक दल के नेता चुने जाएंगे भूपेंद्र पटेल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में विधायक दल के नेता के चयन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य बी एस येदियुरप्पा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।

गुजरात में भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक शनिवार की सुबह गांधीनगर स्थित प्रदेश पार्टी मुख्यालय ‘कमलम’ में बुलाई गई है।

विधायक दल के नेता का चयन महज एक औपचारिकता है, क्योंकि यह लगभग तय है कि भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान कई मौकों पर भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व की सराहना की थी और लोगों से नरेंद्र-भूपेंद्र की जोड़ी को चुनाव जिताने की अपील की थी।

Advertisement

भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने भी गुरूवार को चुनाव परिणाम आने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनका शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा।

पाटिल ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री व नेता शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे।

गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने 156 सीट जीतकर बृहस्पतिवार को ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भाजपा ने न केवल 2002 के अपने सबसे अच्छे प्रदर्शन 127 सीट पर जीत के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया, बल्कि वह कांग्रेस के 1985 के रिकार्ड को भी पार कर गयी। वर्ष 1985 में माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 149 सीट जीती थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajnath Singh, BS Yediyurappa, Arjun Munda, central observers, BJP MLAs' meet, pick Gujarat CM
OUTLOOK 10 December, 2022
Advertisement