Advertisement
25 May 2015

केंद्र सरकार से दिल्ली के अधिकार लेकर ही रहेंगेः केजरीवाल

गूगल

 

 

केंद्र से अधिकार हासिल करके रहेंगे

Advertisement

एक अन्य सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘ लोग हमसे पूछते हैं कि हम आखिर केंद्र सरकार से लड़ क्यों रहे हैं?, दोस्तों हमें लड़ना ही होगा। हमारे हाथ-पांव बंधे हुए हैं जो हमें लड़कर ही खुलवाने होंगे। इसके लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।‘ केजरीवाल ने यह भी कहा कि अगले पांच साल में दिल्ली दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी होगी। केंद्र सरकार ने जो दिल्ली सरकार के अधिकार छीन रखे हैं उन्हें वे हासिल करके रहेंगे। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटें मिली हैं और भाजपा यह पचा नहीं पा रही। इसलिए वे तानाशाही के जरिये दिल्ली की जनता से बदला ले रही है। आज केजरीवाल ने फिर से जनता के कहने पर दुष्यंत की एक कविता भी गुनगुनाई ‘हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिए’

हमारी सरकार ने जितना किया इतना इतिहास में कभी नहीं हुआ

लगभग शाम छह बजे अरविंद केजरीवाल मंच पर आए। कार्यक्रम की शुरूआत उन्होंने यह कहकर की कि ‘ कल हमारी सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं, हमारा फर्ज है कि हम आपको बताएं कि हमने 100 दिनों में क्या किया है। हमारे किए काम महसूस किए जा सकते हैं। ’ केजरीवाल ने जनता से कहा कि ‘आज मैं आप सभी को बधाई देना चाहता हूं। चालीस साल पहले बनी एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) के दायरे में अब दिल्ली में काम करने वाला किसी भी विभाग का कर्मचारी हो सकता है। हाल ही में गृहमंत्रालय ने एसीबी के दायरे को दिल्ली सरकार के दायरे में आने वाले कर्मचारियों तक सीमित कर दिया था। ऐसा गृहमंत्रालय ने तब किया था जब हमने रिलायंस के मुकेश अंबानी के खिलाफ केस किया था। सभी हमारे पीछे पड़े हुए हैं, ऐसे में यह हमारी बड़ी जीत है।‘ उन्होंने कहा कि 100 दिनों में हमने 80 फीसदी भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। कोई भी सरकार और देश पूरी तरह से भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर सकता लेकिन हमारी सरकार ने जितना किया इतना इतिहास में कभी नहीं हुआ।  

अधिकारियों के तालियां बजवाईं

अरविंद केजरीवाल और ब्यूरोक्रेसी में चल रही तनातनी सभी जानते हैं लेकिन आज केजरीवाल ने अपनी सरकार के अधिकारियों के लिए भी तालियां बजवाईं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के सहयोग से ही उनकी सरकार तमाम काम कर पा रही है।

थैंक्यू मीडिया, थैंक्यू

जनता की ओर से एक सवाल आया कि आप मीडिया से नाराज क्यों हैं, जबकि मीडिया ने ही आपको हीरो बनाया है, आपने एक दफा भी मीडिया को थैंक्यू नहीं बोला ? इसपर केजरीवाल तपाक से बोले थैंक्यू मीडिया, थैंक्यू। फिर वह बोले कि नाराजगी वाली बात का जवाब तो मीडिया वाले ही देंगे। मेरी मीडिया से कोई नाराजगी नहीं है बल्कि हम तो उनके लिए मजीठिया लागू करवा रहे हैं। लेकिन जब वे झूठ दिखाते हैं तो दिल में तकलीफ होती है।

बसों में महिलाओं के लिए मार्शल

महिलाओं की सुरक्षा वाले मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 47 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाएंगी, जिसमें से 20 के लिए मंजूरी मिल गई है। दिल्ली में महिलाओं को छह महीने के अंदर-अंदर न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार को उन स्थानों की सूची दे दी है जो महिलाओं के खिलाफ अपराध के लिए बदनाम हैं। वहां रोशनी का प्रबंध हो रहा है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और लगभग 4,000 होमगार्ड को बतौर मार्शल बसों में तैनात करने की तैयारी चल रही है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अरविंद केजरीवाल, 100 दिन, आम आदमी पार्टी, arwind kejriwal, 100 days, aam aadmi party
OUTLOOK 25 May, 2015
Advertisement