फेसबुक पर ममता का मीम शेयर करने वालीं BJP नेता को मिली जमानत, देना होगा लिखित में माफीनामा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आपत्तिजनक मीम सोशल मीडिया पर शेयर करने वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कार्यकर्ता प्रियंका शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि अगर प्रियंका शर्मा माफी मांगती हैं तो जमानत मिल सकती है। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि जमानत पर छूटते ही माफी मांगेंगी। साथ ही कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करना सही नहीं थी।
‘14 दिन न्यायिक हिरासत में थीं प्रियंका’
दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता को ममता बनर्जी का मीम बनाने के आरोप में 14 दिन न्यायिक हिरासत में जेल में रखा गया था। कोर्ट ने कहा, 'उसे तुरंत जमानत पर रिहा किया जाए और बाहर आते ही वो फेसबुक पोस्ट के लिए लिखित में माफी मांगेंगी। जो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया वो सही नहीं था। अगर किसी को दुख पहुंचा है तो माफी मांगनी चाहिए।'
‘अगर माफी मांगते हैं तो जमानत मिल सकती है’
सुप्रीम कोर्ट ने वकील से कहा था कि क्या वो ममता बनर्जी से माफी मांगने को तैयार है? साथ ही कहा कि आप विपक्षी पार्टी से हैं और राज्य में चुनाव भी चल रहे हैं अगर माफी मांगते हैं तो जमानत मिल सकती है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने प्रियंका की याचिका पर पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया, जिस पर छुट्टियों के बाद सुनवाई होगी।
मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘हम यह साफ करते हैं कि इस केस में तथ्यों के आधार पर ये फैसला दे रहे है, मेरिट पर सुनवाई बाद में होगी’।
प्रियंका ने इसे सिर्फ पोस्ट किया था: वकील
प्रियंका के वकील की ओर से कहा गया कि यह पोस्ट वायरल किया जा रहा है लेकिन पोस्ट करने पर उसे गिरफ्तार किया गया। साथ ही कहा है कि उसने ना तो ये पोस्ट तैयार किया और ना ही हमे पता है कि ये किसने बनाया है। प्रियंका ने इसे सिर्फ पोस्ट किया था। यह बोलने की आजादी के तहत आता है। क्या इस मामले में जमानत के लिए शर्त लगाई जा सकती है? इस तरह के लाखों करोडों ट्वीट और पोस्ट चल रहे हैं लेकिन कार्रवाई प्रियंका पर ही की गई। अगर उन सभी से माफी मांगने को कहा जाएगा, जिन्होंने पोस्ट किया है तो इसका बड़ा असर होगा।
जमानत पर रिहा करने की अर्जी सुप्रीम कोर्ट में लगाई
बता दें कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की कार्यकर्ता प्रियंका पिछले शुक्रवार से कोलकाता की जेल में बंद थीं। 25 वर्षीय प्रियंका की ओर से उनके परिवार ने दर्ज केस रद्द करने और जमानत पर रिहा करने की अर्जी सुप्रीम कोर्ट में लगाई थी। सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल में प्रियंका ने खुद को हावड़ा जिला BJYM के क्लब सेल का संयोजक बताया है।
प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रियंका चोपड़ा-जोनास की तस्वीर पर ममता बनर्जी का चेहरा सुपर इम्पोज कर मजाकिया तस्वीर शेयर की थी, जिसके बाद हावडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस र्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
प्रियंका के समर्थन में सोशल मीडिया पर अभियान
सोशल मीडिया पर प्रियंका के समर्थन में #Isupportpriyankasharma कैंपेन चल रहा है। यूजर ममता के मीम को अपनी डीपी बना रहे हैं। असम के भाजपा नेता हेमंत बिस्व शर्मा ने भाजपा की युवा नेता की गिरफ्तारी को अभिव्यक्ति की आजादी का हनन बताया।