Advertisement
31 May 2018

शिवसेना प्रमुख उद्धव बोले, मोदी सरकार ने खो दिया है बहुमत

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने गुरुवार को चार लोकसभा सीटों के उपचुनाव का परिणाम आने के बाद कहा कि मोदी सरकार ने बहुमत खो दिया है। 2014 के बाद लोकसभा की कई सीटों के लिए उपचुनाव हुए जिनमें अधिकांश पर भाजपा की हार हुई। शिवसेना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगी है।

उद्धव ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों की परवाह नहीं करती। उसे अब दोस्तों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे पालघर लोकसभा सीट से हार स्वीकार नहीं करते हैं। यहां के 60 फीसदी लोगों ने भाजपा के खिलाफ वोट दिया और इसकी जीत 2014 की तुलना में कम वोटों से हुई है।

शिवसेना प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र की जनता का अपमान किया है। वह अपने राज्य में चुनाव हार रहे हैं और वे यहां प्रचार करने आते हैं। जनता ने उनकी मस्ती उतार दी है।

Advertisement

उद्धव ने कहा कि चुनाव आयोग में हो रहे भ्रष्टाचार को देखते हुए मैं यह सलाह देता हूं कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति नहीं बल्कि इनका भी चुनाव किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया खतरे में है, यह काफी गंभीर मामला है।

उन्होंने कहा कि वोटों की गिनती के दौरान कुछ विसंगतियां हुईं थी। इसकी वजह से हमने इन्हें दूर किए जाने तक परिणाम की घोषणा नहीं करने की मांग की थी पर इसे नहीं माना गया। उऩ्होंने कहा कि अगर जरूर पड़ी तो वे कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shiv Sena, Uddhav, Modi, government, lost, majority
OUTLOOK 31 May, 2018
Advertisement