Advertisement
26 October 2019

शिवसेना का बीजेपी पर तंज, सामना में पूछा- हरियाणा में भी अलग क्या हुआ?

file Photo

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से ही शिवसेना बीजेपी को लगातार 50-50 का फॉर्मूला याद करवा रही है। शुक्रवार को शिवसेना नेता सांसद संजय राउत ने एक कार्टून के जरिए भी कांग्रेस, एनसीपी समेत बीजेपी को भी निशाने पर लिया। अब शिवसेना ने हरियाणा चुनाव के नतीजों को लेकर भी बीजेपी पर तंज कसा है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में हरियाणा में सीटें आने पर 'हरियाणा में भी अलग क्या हुआ?' शीर्षक के साथ संपादकीय लिखकर बीजेपी पर सवाल भी उठाए गए हैं। शिवसेना ने लिखा कि हरियाणा में बीजेपी का घोड़ा 40 पर ही अटक गया।

अपने मुखपत्र सामना में लिखा है, 'महाराष्ट्र में जिस तरह ‘अबकी बार 220 के पार’ का नारा चला नहीं, उसी तरह हरियाणा में भी ‘अबकी बार 75 पार’ की घोषणा के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं। भाजपा का घोड़ा 40 पर ही अटक गया। कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं होगा यह अनुमान हरियाणा में भी झूठा साबित हुआ। बल्कि उस पार्टी ने वहां सीधे 31 सीटों पर कब्जा जमा लिया है।'

हरियाणा में प्रचार के लिए सामना में राहुल गांधी की तारीफ भी की गई है। सामना में लिखा है, 'महाराष्ट्र में राहुल गांधी ने कांग्रेस के प्रचार में वैसी रुचि नहीं दिखाई लेकिन हरियाणा में उन्होंने पार्टी का अच्छी तरह प्रचार किया। राहुल गांधी ने हरियाणा में सभाएं कीं और रैलियां भी निकालीं। राहुल गांधी का यह प्रचार कांग्रेस के यश के रूप में भी परिवर्तित होता दिखा। भले ही वहां कांग्रेस सत्ता में आएगी या नहीं आएगी लेकिन नई सरकार के लिए पहले की काम करना आसान नहीं होगा।'

Advertisement

सामना में लिखा है कि महाराष्ट्र और हरियाणा दोनों ही राज्यों में बीजेपी पहले की तरह सरकार नहीं चला पाएगी। सामना में लिखा है, 'हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों ही राज्यों में भौगोलिक दृष्टि से काफी अंतर है। सांस्कृतिक और अन्य मामलों में भी वे भिन्न हैं, लेकिन फिर भी दोनों राज्य के इस बार के विधानसभा के चुनाव परिणामों ने कई मामलों में समानता दिखाई है। महाराष्ट्र विधानसभा हरियाणा की तरह त्रिशंकु नहीं है फिर भी ‘निरंकुश’ भी नहीं रहेगी इसकी चिंता मतदाताओं ने की है।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shiv Sena, taunted, BJP, Saamna, what is Different, happened, Haryana too?
OUTLOOK 26 October, 2019
Advertisement