Advertisement
18 September 2016

शिवपाल ने दिखाया दम, रामगोपाल के दो निकट संबंधियों को किया निष्कासित

पीटीआई

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश अध्यक्ष का पद स्वीकार करने वाले शिवपाल ने आज पार्टी कार्यालय पहुंचकर प्रभार संभाला। शिवपाल ने अपने पहले फैसले में पार्टी के विधान परिषद सदस्य अरविंद प्रताप यादव और इटावा में पूर्व ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार यादव को भूमि कब्जे तथा ऐसी ही अन्य गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल रहने के लिए निष्कासित कर दिया। अरविंद राम गोपाल यादव के भांजे हैं। सूत्रों ने बताया कि अरविंद और अखिलेश के खिलाफ भूमि पर कब्जा करने तथा अन्य कई शिकायतें थीं। सपा के राज्य सचिव एसआरएस यादव ने बताया कि अरविंद को पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणी और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के लिए निष्कासित किया गया है। आज सपा कार्यालय पहुंचने से पहले शिवपाल ने हवाई अड्डे पर मुलायम से मुलाकात जो दिल्ली रवाना हो रहे थे। उक्त दो नेताओं के निष्कासन से मुलायम परिवार में फिर तनाव पैदा होने की आशंका है, क्योंकि दोनों ही राम गोपाल के करीबी माने जाते हैं।

हालांकि, शिवपाल के करीबियों ने बताया कि जो भी फैसला किया गया है, उसकी जानकारी मुलायम को है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं इसलिए हर किसी को पार्टी मजबूत करने में लग जाना चाहिए ताकि एक बार फिर सपा की बहुमत वाली सरकार बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि पार्टी में गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। जो गुटबाजी करेगा, उससे सख्ती से निपटा जाएगा। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से कहा, यदि आप नारे लगाना चाहते हैं तो पहले पार्टी के लिए नारे लगाइए, फिर नेताजी  के लिए और फिर मुख्यमंत्री के लिए नारे लगाइए। सपा के खिलाफ बसपा प्रमुख मायावती की टिप्पणी पर शिवपाल ने कहा कि मायावती को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। अगले चुनाव में मायावती की पार्टी का सफाया हो जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश, प्रदेश अध्यक्ष, शिवपाल सिंह यादव, राम गोपाल यादव, निष्कासित, तनाव, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, अरविंद प्रताप यादव, अखिलेश कुमार यादव, UP, Samajwadi Party, State President, Shivpal Yadav, Ram Gopal Yadav, Expelled, Tension, Mulayam Sin
OUTLOOK 18 September, 2016
Advertisement