Advertisement
19 September 2016

सपा संकट: शिवपाल ने अखिलेश के करीबी सात नेताओं को पार्टी से निकाला

गूगल

पार्टी नेताओं को निष्कासित किए जाने की जानकारी देते हुए शिवपाल ने आज लखनऊ में बताया कि विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह यादव, आनन्द भदौरिया तथा संजय लाठर और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव दुबे एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद एबाद, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष बृजेश यादव और समाजवादी छात्रसभा के प्रान्तीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव को पार्टी से निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने, पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने तथा अनुशासनहीन आचरण के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया गया है। बता दें कि सुनील सिंह यादव, आनंद भदौरिया और संजय लाठर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बेहद विश्वासपात्र माने जाते हैं।

दरअसल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह शिवपाल को जिम्मेदारी दिए जाने के बाद गत शनिवार को सपा के सभी युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पार्टी राज्य मुख्यालय के बाहर अखिलेश के समर्थन में नारेबाजी की थी। इस दौरान सपा मुखिया के खिलाफ भी नारेबाजी हुई थी। पार्टी के युवा संगठनों ने सपा मुखिया को पत्र लिखकर कहा था कि वे अखिलेश के सिवा और किसी की सरपरस्ती में काम नहीं कर सकते। मुलायम के परिवार में पिछले दिनों चरम पर पहुंचे टकराव के बाद युवा संगठनों के नेताओं के खिलाफ इस कार्रवाई से टकराव फिर उभरने का अंदेशा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव, विधान परिषद सदस्य, युवा संगठन, पार्टी मुखिया, अपमानजनक टिप्पणी, निष्कासित, पार्टी संकट, SP, Mulayam Singh Yadav, Shivpal Yadav, Akhilesh Yadav, MLC, Youth Organization, Party Supremo, Expelled, Party Cr
OUTLOOK 19 September, 2016
Advertisement