Advertisement
18 August 2018

तेजस्वी ने फिर साधा नीतीश पर निशाना, एक और मंत्री का मांगा इस्तीफा

File Photo

बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम यौन शोषण कांड को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के एक मंत्री के इस कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के साथ नजदीकी रिश्ते हैं। हालांकि उन्होंने मंत्री का नाम नहीं बताया है।

आरजेडी नेता ने शनिवार को ट्वीट कर मुख्यमंत्री से मांग की कि वे इस मंत्री को पद से हटाएं। तेजस्वी ने कहा कि अच्छा होगा कि नीतीश कुमार और सुशील मोदी इस मंत्री को बर्खास्त कर दें वरना एक बार फिर हम उस मंत्री को त्यागपत्र देने के लिए बाध्य कर देंगे। आरजेडी नेता ने कहा कि वैसे आप जानते हैं कि मैं क्या बात कर रहा हूं।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस कांड की जांच सीबीआइ को सौंप रखी है। जांच एजेंसी ने शुक्रवार को बिहार की पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के घर और अन्य कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। सीबीआई की टीम ने पूर्व समाज कल्याण मंत्री के पटना स्थित तीन घरों, मोतिहारी और भागलपुर में छापा मारा। इसके अलावा शेल्टर होम मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के सात ठिकानों पर भी छापेमारी की। मामले में अपने पति के ऊपर लगे आरोपों के बाद मंजू वर्मा को इस्तीफा देना पड़ा था।

Advertisement

इस मामले के विरोध में तेजस्वी यादव दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन दिया था और कैंडल मार्च निकाला था। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मीसा भारती, जेडीयू से अलग हुए शरद यादव और सीपीआई नेता डी राजा भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

मुजफ्फरपुर शेल्टर होम यौन शोषण कांड में 42 बच्चियों में से अब तक 34 बच्चियों के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है। इस मामले में आरोपी ब्रजेश ठाकुर की एक और संस्था स्वाधार में जांच के दौरान कई आपत्तिजनक चीजे मिली थीं। ब्रजेश के एनजीओ सेवा संकल्प एवं विकास समिति के तहत चलने वाली स्वाधार गृह से 11 महिलाओं के गायब होने के मामले के खिलाफ महिला थाना में मामला दर्ज हुआ था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Tejaswi, nitish, muzaffarpur, shelter, home, demanded, resignation, minister
OUTLOOK 18 August, 2018
Advertisement