Advertisement
16 May 2018

तेजस्वी का नीतीश से सवाल, बिहार में नं.1 विपक्ष में क्यों

तेजस्वी का नीतीश से सवाल, बिहार में नं.1 विपक्ष में क्यों | file photo

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते सरकार बनाने के दावे पर राजद नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आदरणीय चाचा जी संबोधित करते हुए सवाल किया है कि जरा बताइए बिहार में सर्वाधिक सीटों वाली पार्टी का नाम क्या है?

तेजस्वी ने अपने ट्वीट में कहा कि भाजपा को बिहार चुनाव में किसने हराया था? भाजपा आज बिहार में क्यों, कैसे और किसलिए सरकार में है?  बिहार की न्यायप्रिय जनता ने जिन पार्टियों को नं-2 और नं-3 पर धकेला वो सरकार में है और नं-1 विपक्ष में। क्यों?

एक अन्य ट्वीट में राजद नेता ने सवाल किया कि क्या बिहार में भाजपा को बहुमत मिला था? क्या बिहार के लोगों ने भाजपा को बहुत बुरी तरह नहीं हराया था? नीतीश जी की मदद से बिहार में बहुमत का चीरहरण और लोकतंत्र का जनाजा निकाल चोर दरवाज़े से सरकार में बैठ मलाई चाट रहे भाजपाई कर्नाटक के मामले में उच्चकोटि का प्रवचन किसे बांट रहे हैं?

Advertisement

तेजस्वी का ट्वीट नीतीश कुमार के उस ट्वीट के जवाब में आया है जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक में सर्वाधिक सीटों पर जीत हासिल करने के लिए बधाई दी थी।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में राजद सबसे बड़ा दल है और इसके विधायकों की संख्या 80 है। 70 विधायकों के साथ जदयू दूसरे, 53 विधायकों के साथ भाजपा तीसरे और 27 विधायकों को साथ कांग्रेस चौथे नंबर पर है।

TAGS: Tejaswi, Nitish, rjd, question, Opposition, Bihar
OUTLOOK 16 May, 2018
Advertisement