Advertisement
02 October 2020

हाथरस जाने से टीएमसी सांसदों को पुलिस ने रोका, धक्का-मुक्की में नीचे गिरे डेरेक ओ ब्रायन

हाथरस मामले को लेकर एक बार फिर लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बीच हाथरस में गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मिलने आ रहे राजनेताओं का सिलसिला भी जारी है। शुक्रवार को इस बीच टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन अपने कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पीड़ित परिवार के गांव के अंदर जाने से रोक दिया।

इस बीच राहुल और प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ की सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि आखिर पीड़िता के गांव जाने से क्यों रोका जा रहा है।

धक्का मुक्की में नीचे गिरे डेरेक ओ ब्रायन

Advertisement

हाथरस जाने के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन धक्का मुक्की में नीचे गिर गए। हालांकि फिर तुरंत उन्हें उठा लिया गया। पुलिस और टीएमसी कार्यकर्ताओं में जमकर बहसबाजी भी हुई। यहां किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। गांव में पुलिस का सख्त पहरा है।

हमारी सांसद प्रतिमा मंडल पर पुलिस ने किया लाठचार्ज: टीएमसी सांसद

टीएमसी नेता ममता ठाकुर ने कहा, 'हम उसके परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई। जब हमने जोर दिया, तो महिला पुलिसकर्मियों ने हमारे ब्लाउज को खींचा और हमारी सांसद प्रतिमा मंडल पर लाठीचार्ज किया। वह नीचे गिर गईं। पुरुष पुलिस अधिकारियों ने उन्हें छुआ। यह शर्मनाक है।'

बता दें कि गुरुवार को इंडिया गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपी के हाथरस की घटना को लेकर कैंडल लाइट मार्च किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हाथरस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस सवालों के घेरे में है।

इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हाथरस की पीड़िता के परिवार से मुलाकात के लिए हाथरस जा रहे थे। इस दौरान उन्हें यूपी की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में छोड़ दिया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: हाथरस, पीड़ित परिवार, TMC नेता, डेरेक ओ ब्रायन, धक्का मुक्की, नीचे गिरे, TMC delegation, roughed up, by Uttar Pradesh Police, Hathras border.
OUTLOOK 02 October, 2020
Advertisement