Advertisement
26 November 2020

टीएमसी के सांसद बंदोपाध्याय का आरोप, असंवैधनिक तरीके से काम कर रहे हैं राज्यपाल, इस्तीफे दें

FILE PHOTO

तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बंदोपाध्याय ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर असंवैधानिक तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुये उनसे तुरंत अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है।

बंदोपाध्याय ने गुरुवार को मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुये कहा, '' राज्यपाल ने गोविंद अग्रवाल और कुछ चार्टर्ड अकाउंटेंट की गिरफ्तारी के संबंध में 22 नवंबर को ट्वीट कर असंतोष व्यक्त किया था। इससे पहले 2016 में नोटबंदी के बाद कोलकाता पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मैंगो लेन कार्यालय से 1.40 करोड़ रुपये बरामद किये थे और जांच के दौरान गाेविंद को मुख्य आरोपी घोषित किया गया था।
उन्होंने कहा, '' एक अन्य वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी नीरज सिंह जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के रिश्तेदार हैं, के घर से जांच के दौरान कई गोपनीय दस्तावेज और नकदी बरामद की गयी थी। प्रवर्तन निदेशालय ने गोविंद और नीरज दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। कोलकाता पुलिस द्वारा गोविंद अग्रवाल को गिरफ्तार करने से मामले में कई अन्य चार्टर्ड अकाउंटेंट के नाम सामने आये। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने 21 नवंबर को नीरज सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। ''
उन्होंने आरोप लगाया, '' राज्यपाल आरोपियों की तरफ से बोल रहे हैं और जांच में बाधा डाल रहे हैं। सभी जानते हैं कि उन्होंने 25 नवंबर को फिर से ट्वीट किया था। वह मुख्यमंत्री पर निशाना साध रहे हैं और जांच में रुकावट ला रहे हैं। आपराधिक जांच में बाधा डालने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186 और 189 के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है, इसलिए मैं कोलकाता पुलिस से अनुरोध करूंगा कि वह राज्यपाल के खिलाफ ट्वीट के जरिये सरकारी कर्मचारियों को डराने के लिये मामला दर्ज करे। इन दो धाराओं के तहत ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिये किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है जो सरकारी पद पर रह कर अवैध काम कर रहा है। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि राज्यपाल किसी भी पार्टी के लिये काम नहीं कर सकता, क्योंकि राज्यपाल केंद्र सरकार का कर्मचारी है। ''
सं जितेन्द्र
वार्ता

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 26 November, 2020
Advertisement