Advertisement
20 February 2023

उपेंद्र कुशवाहा बनाएंगे नई राजनीतिक पार्टी, आज हो सकता है ऐलान

ट्विटर/एएनआई

जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता उपेंद्र कुशवाहा नई राजनीतिक पार्टी बनाने तैयारी में हैं। जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र कुशवाहा आज दोपहर बाद पटना में पार्टी की घोषणा का ऐलान कर सकते हैं। कुशवाहा के करीबी ने बताया कि नए संगठन का नाम संभवतः पूर्व समता पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस या समाजवादी नेता और जद (यू) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के नाम पर रखा जाएगा।

इसको लेकर पूर्ववर्ती राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि नए संगठन का नाम 'जनता दल (जॉर्ज)' या 'जनता दल (शरद)' हो सकता है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा गुट के एक नेता के अनुसार पार्टी  का नाम अभी तक तय नहीं किया गया है।

कुशवाहा ने शहर में जदयू कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय खुला सत्र (19 व 20 फरवरी) आहूत किया था जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भावी राजनीतिक रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए सुझाव मांगे थे।

Advertisement

बैठक में भाग लेने वालों में से एक कार्यकर्ता ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि जदयू कार्यकर्ताओं ने सत्र के पहले दिन एक नया राजनीतिक संगठन बनाने के अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने कहा, “कुशवाहा एक नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और इसकी घोषणा आज किए जाने की संभावना है।” एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि एक नए राजनीतिक दल के गठन के संबंध में एकमत राय थी।

जानकारी के अनुसार उपेंद्र कुशवाहा 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट सीट से लड़ना चाहते हैं। 2014 में एनडीए के सहयोग से इसी सीट पर जीत दर्ज कर वह लोकसभा पहुंचे थे। लेकिन 2019 में बीजेपी से अलग रहते हुए उनकी हार हो गई। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Upendra Kushwaha, JDU, Nitish Kumar
OUTLOOK 20 February, 2023
Advertisement