Advertisement
16 April 2018

ओवैसी बोले, नहीं लड़ेंगे कर्नाटक में चुनाव

file photo

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम)के अध्यक्ष  असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेगी। उऩ्होंने कहा कि एआइएमआइएम राज्य में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) का समर्थन करेगी।

ओवैसी ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में विफल हो गई हैं। उन्हें कहा कि ये पार्टियां सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए लोगों को दिग्भ्रमित करती हैं।


Advertisement

उन्होंने इस बात को पूरी तरह से गलत बताया कि उनकी पार्टी के वोट काटने से भाजपा को फायदा होता है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने गुजरात, झारखंड और जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनावों में हिस्सा नहीं लिया। इतना ही नहीं एआइएमआइएम ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव भी नहीं लड़ा। ओवैसी ने सवाल किया कि यहां कांग्रेस का क्या हुआ? अगर हमारे वोट काटने से भाजपा को फायदा होता तो यहां कांग्रेस की स्थिति कुछ और होनी चाहिए थी। पर हुआ इसके उल्टा। यहां इस पार्टी को काफी बुरी स्थिति का सामना करना पड़ा।

कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर 12 मई को वोट डाले जाने हैं। 15 मई को यहां मतों की गिनती की जाएगी। इस चुनाव में कांग्रेस, भाजपा और जेडीएस ने काफी जोर लगा रखा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह यहां का कई दौरा कर चुके हैं। इन दोनों नेताओं ने यहां न सिर्फ कई आम सभाएं की हैं बल्कि मंदिरों और मठों के दौरे भी किए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Asaduddin, Owaisi, Karnataka, elections, aimim, jds
OUTLOOK 16 April, 2018
Advertisement