Advertisement
18 May 2020

पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रवासी मजदूरों के मुद्दे पर राजघाट पर दे रहे थे धरना

FILE PHOTO

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने में मदद के लिए सशस्त्र बलों को तैनात करने की मांग को लेकर आज ही राजघाट पर धरने पर बैठे थे। इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर यशवंत सिन्हा ने दी। उनके साथ आप सांसद संजय सिंह और उनके साथ राजघाट पर धरने पर बैठे अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से इस पर कोई बयान नहीं दिया गया।
नरेंद्र मोदी सरकार के घोर आलोचक यशवंत सिन्हा ने इससे पहले कहा कि असैन्य प्राधिकारी सड़कों पर पैदल चलने को बाध्य हुए प्रवासी मजदूरों की मदद करने में नाकाम रहे हैं, फिर चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकारें।

सशस्त्र बलों को दी जाए जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि हमारी साधारण सी मांग है कि सशस्त्र बलों और अर्द्धसैनिक बलों को जिम्मेदारी दी जाए कि वे अपने पास मौजूद सभी संसाधनों का उपयोग करके इन प्रवासी मजदूरों को सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाएं। सिन्हा ने कहा था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह धरने पर बैठे रहेंगे।

Advertisement

सरकार के पास नहीं रणनीतिः आप सांसद

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ अमीरों की परवाह करती है और उसने गरीबों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास कोई रणनीति नहीं है क्योंकि इसमें प्रवासियों की मदद करने की कोई इच्छाशक्ति नहीं है। भाजपा एक गरीब-विरोधी सरकार है। मौजूदा संकट ने साफ कर दिया है कि आप विदेशों से लोगों को बुला सकते हैं, लेकिन सड़कों पर चलने वाले प्रवासियों की मदद नहीं कर सकते।

सरकार करे क्षमता का इस्तेमाल
आप विधायक विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि सरकार को प्रवासियों के प्रति थोड़ी संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास प्रतिदिन 20,000 ट्रेन को चलाने और और देश भर में 2.3 करोड़ लोगों को उनके स्थानों पर पहुंचाने की क्षमता है। लोगों को मदद करने के लिए सरकार को इस क्षमता का उपयोग करना चाहिए। आप नेताओं ने धरने से उठाने और गिरफ्तार करने का विरोध किया।
संजय सिंह ने पूछा कि क्या प्रवासियों के अधिकारों के लिए विरोध करना अपराध है। पांडे ने कहा कि नफरत फैलाने वाले नेताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया जाता है, लेकिन गरीब प्रवासियों के अधिकारों के लिए लड़ने वालों को हिरासत में ले लिया जाता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Yashwant Sinha, taken, police, custody, while, dharna, Rajghat, over, migrant, workers, plight
OUTLOOK 18 May, 2020
Advertisement