Advertisement
19 February 2025

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, रामलीला मैदान में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह

ANI

तमाम सियासी कयासों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। भाजपा के इस फैसले को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्थन प्राप्त माना जा रहा है। सुषमा स्वराज के बाद रेखा गुप्ता भाजपा की ओर से दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी।

भाजपा विधायक दल की बैठक में बुधवार को उनके नाम पर मुहर लगाई गई। दिल्ली भाजपा इकाई ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में राज्य प्रगति करेगा।"

रेखा गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं और शालीमार बाग विधानसभा सीट से तीन बार पार्षद भी रही हैं। पार्टी के भीतर उनकी छवि एक जमीनी नेता की रही है, जो संगठन और प्रशासनिक कार्यों में मजबूत पकड़ रखती हैं। माना जा रहा है कि आरएसएस ने उनकी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए उनके नाम को आगे बढ़ाया।

Advertisement

रामलीला मैदान में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह

रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। यह कार्यक्रम गुरुवार को सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब 30 हजार मेहमान शामिल हो सकते हैं।

इससे पहले, रेखा गुप्ता की सास ने मीडिया को यह जानकारी दे दी थी कि उनकी बहू दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा, "रेखा ने शालीमार बाग इलाके में बहुत मेहनत की है। वह लोगों के लिए लगातार काम करती रही हैं। घर आने पर मैं अपनी बहू का विजय तिलक करूंगी।"

भाजपा की ऐतिहासिक जीत, 27 साल बाद सत्ता में वापसी

गौरतलब है कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में वापसी की। भाजपा ने 70 में से 48 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर आम आदमी पार्टी (AAP) को सत्ता से बाहर कर दिया। इस चुनाव में AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को करारी हार का सामना करना पड़ा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली में भाजपा की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, केंद्रीय योजनाओं के प्रभाव और आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी का नतीजा है। अब सभी की नजरें रेखा गुप्ता पर टिकी हैं कि वे दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद किन नीतियों और फैसलों से राजधानी को आगे ले जाएंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi CM, Who is delhi new CM, BJP, Delhi assembly election, Delhi election result, Narendra Modi, Rekha Gupta, Pravesh Verma
OUTLOOK 19 February, 2025
Advertisement