Advertisement
10 November 2021

पंजाब: विधानसभा चुनाव से पहले आप में विद्रोह, विधायक का इस्तीफा, केंद्रीय नेतृत्व पर लगाए ये आरोप

ट्विटर

पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में विद्रोह शुरू हो गया है। मंगलवार रात आम आदमी पार्टी की बठिंडा देहाती से विधायक रुपिंदर कौर रूबी ने पार्टी से इस्‍तीफा दे दिया। उन्‍होंने ट्वीट कर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को पार्टी की प्राथमिक सदस्‍यता से अपना इस्‍तीफा भेजा। ट्वीट में उन्‍हाेंने आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान को भी टैग किया है।

वह कांग्रेस में शामिल होंगी। रुपिंदर कौर रूबी अब कांग्रेस का हाथ थामने जा रही हैं। बुधवार को शाम चार बजे चंडीगढ़ में कांग्रेस लीडरशिप द्वारा एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें रूबी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। रूबी आप के भगवंत मान को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित न किए जाने से नाराज चल रही थीं।

अरविंद केजरीवाल के मानसा और बठिंडा दौरे के दौरान भी रूबी उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। रूबी ने कहा कि पार्टी सांसद भगवंत मान को अनदेखा कर रही है, इसी कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

Advertisement

उन्‍होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के कुछ और विधायक भी इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्‍होंंने आम आदमी पार्टी के केंंद्रीय नेतृत्‍व पर भी आरोप लगाया। रूपिंदर कौर रूबी ने कहा कि आप का केंंद्रीय नेतृत्व न तो विधायकों की सुन रहा है और न ही सांसद की। यह स्थिति सही नहीं है।
आप विधायक रूबी के शिरोमणि अकाली दल में जाने की भी चर्चा थी। कुछ समय पहले यह बात भी सामने आई थी कि रूबी की शिरोमणि अकाली दल के नेताओं के साथ बैठक भी हो चुकी है, लेकिन रूबी ने इसे अफवाह बताया था।

सूत्रों के अनुसार विधायक रूबी ने बठिंडा देहाती के बजाए भुच्चो हलके से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन आप नेतृत्व ने विधायकों के हल्के बदलने से मना कर दिया है। रूबी के इस्तीफे के पीछे एक कारण यह भी माना जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: आम आदमी पार्टी, रुपिंदर कौर रूबी, अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस, भगवंत मान, Aam Aadmi Party, Rupinder Kaur Ruby, Arvind Kejriwal, Congress, Bhagwant Mann
OUTLOOK 10 November, 2021
Advertisement