Advertisement
09 May 2024

सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी: भाजपा ने दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया

सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी: भाजपा ने दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया

भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और सैम पित्रोदा की विवादास्पद टिप्पणी पर राहुल गांधी सहित पार्टी के नेताओं से माफी की मांग की। 

विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता पाटी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि विविधता भारत की सबसे बड़ी ताकत है और यह एकता की सामूहिक भावना से बंधी हुई है।

सचदेवा ने कहा, “लेकिन कांग्रेस नेता का जातिवादी बयान हमारी एकता और अखंडता पर कुठाराघात करता है। पित्रोदा का यह बयान अनायास नहीं है। लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के बाद अपने पैरों के नीचे से जमीन खिसकती देख कांग्रेस नेता अब जातिवादी टिप्पणियों का सहारा ले रहे हैं।”

प्रदर्शनकारियों ने देश के लोगों और विदेश में रहने वाले भारतीयों का अपमान करने के लिए पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की।

अपनी टिप्पणियों को लेकर उठे विवाद के बीच पित्रोदा ने बुधवार को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।’’

अनुभवी नेता पित्रोदा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सलाहकार थे और राहुल गांधी के साथ उनकी विदेश यात्राओं के दौरान उनके साथ निकटता से जुड़े रहे हैं।

भाजपा ने पित्रोदा की टिप्पणियों को चुनावी मुद्दा बनाया है, कांग्रेस ने उनकी टिप्पणियों से खुद को दूर कर लिया है और इसे “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य” बताया है।

TAGS: Sam pitroda, BJP, Congress, Loksabha election, Narendra Modi
OUTLOOK 09 May, 2024
Advertisement