Advertisement
30 June 2021

तेजस्वी ने चिराग और कांग्रेस पर दे दिया बड़ा बयान, बोले- देरी पड़ेगी भारी

file photo

राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने चिराग और कांग्रेस पर बड़ा बयान दे दिया है। हिन्दुस्तान की खबर के अनुसार उन्होंने कहा है कि केंद्र में कांग्रेस के बिना भाजपा के खिलाफ कोई मजबूत मोर्चा संभव नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को साथ लेकर ही भाजपा के खिलाफ विपक्षी विकल्पों की कल्पना की जा सकती है। देश में करीब 200 लोकसभा सीटें हैं जहां कांग्रेस विपक्ष में हैं। नेता का निर्णय हम मिलकर तय कर लेंगे। इसके साथ ही उन्होने लोजपा को लेकर कहा कि यदि इस नीति पर चला है तो चिराग पासवान को गठबंधन के लिए फैसला लेना होगा।

कांग्रेस को बुनियाद बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि जहां क्षेत्रीय पार्टियां मजबूत हैं, वहां उन्हें प्राथमिकता देना होगा। इस नए गठबंधन के लिए रणनीति बनाने की तैयारियां शुरू करनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसकी पहल चिराग पासवान को करनी होगी। 

दरअसल राजद का 25वां स्थापना दिवस और दिवंगत नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती के बहाने राजद कई निशाने साधना चाह रही है। तेजस्वी की इस साथ लाने वाली रणनीति के पीछे बिहार की जातिगत राजनीति और उस पर टिके वोट बैंक का खेल है। गत वर्ष हुए बिहार विधानसभा चुनाव में एलजेपी को लगभग 6 फीसदी और संख्या में 26 लाख वोट मिले थे। वहीं, चिराग ने नीतीश का भी वोट जमकर काटा था। जिसका परिणाम ये हुआ कि नीतीश कुमार बड़े भाई की भूमिका से छोटे भाई की भूमिका में आ गएं। उनकी पार्टी को महज 43 सीटें मिली थी जबकि भाजपा को 74 और तेजस्वी की अगुवाई वाली पार्टी राजद को सबसे अधिक 75 सीटें मिली थी। महागठबंधन को बहुमत 122 के मुकाबले 110 सीटें मिली थी जबकि एनडीए के खाते में 125 सीटें गई थी।

Advertisement

भले ही तेजस्वी चिराग पर डोरे डाल रहे हों लेकिन, चिराग की तरफ से अभी तक ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं। उनका कहना है कि वो एनडीए में बने रहेंगे। साथ ही वो नीतीश के साथ दुबारा जाने को भी राजी नहीं हैं। हालांकि, लगातार वो बीजेपी की चुप्पी को लेकर हमलावर हैं। चिराग का आरोप है कि पशुपति पारस गुटों के बगावत के पीछे नीतीश कुमार का हाथ है और बीजेपी के वरिष्ठ आलाकमानों ने चुप्पी साध रखी है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: चिराग पासवान, तेजस्वी यादव, बिहार राजनीति, राजद, कांग्रेस पार्टी, गठबंधन की सरकार, भाजपा, Chirag Paswan, Tejashwi Yadav, Bihar Politics, RJD, Congress Party, Coalition Government, BJP
OUTLOOK 30 June, 2021
Advertisement