Advertisement
23 November 2024

यूपी उपचुनाव: केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर निशाना, "उनकी असलियत जनता के सामने आ चुकी है"

उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनावों के लिए जारी मतगणना के बीच उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' फॉर्मूले की आलोचना करते हुए इसे "परिवार विकास एजेंसी" करार दिया है। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव का पीडीए फार्मूला एक धोखा है। यह एक 'परिवार विकास एजेंसी' है। उनकी असलियत जनता के सामने आ चुकी है। लोकसभा में उन्होंने जो झूठ और छल-कपट फैलाया था, वह अब नहीं चलेगा।"

उन्होंने आगे कहा, "वे पीडीए के नाम पर राजनीति करते हैं। लेकिन एक दलित बेटी का हत्यारा उनके साथ बैठता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसलिए, 2024 के विधानसभा उपचुनाव सपा जैसी पार्टी के अंत का संकेत हैं।"

बता दें कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी मतगणना के अब तक के रुझान में छह सीट पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और तीन पर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) आगे है।

Advertisement

उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार काफी पीछे हैं। बसपा ने सभी नौ सीट पर अकेले चुनाव लड़ा, जबकि असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने गाजियाबाद, कुंदरकी और मीरापुर में उम्मीदवार उतारे।

चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी सीसामऊ को छोड़कर सभी सीटों पर चुनाव लड़ा। राज्य की इन नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान हुआ था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन सभी नौ सीट पर शनिवार सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। उपचुनाव वाले नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 90 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 11 महिला प्रत्याशी हैं। सीसामऊ में सबसे कम 20 और कुंदरकी, करहल, फूलपुर और मझवां में सबसे अधिक 32 दौर में मतगणना पूरी होगी। मतगणना स्थल की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मतगणना उत्तर प्रदेश के नौ जिलों मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, अलीगढ़, मैनपुरी, कानपुर नगर, प्रयागराज, आंबेडकर नगर एवं मिर्जापुर में जारी है। निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए नौ प्रेक्षक तैनात किए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, समस्त मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में की जा रही है। मतगणना सुचारू रूप से कराने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गयी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP by-election, BJP, SP, Keshav Prashad Maurya, Akhilesh Yadav
OUTLOOK 23 November, 2024
Advertisement