Advertisement
03 December 2021

यूपी: भाजपा, सपा, कांग्रेस के चुनावी वादों पर बिफरीं माया, कही ये बात

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां मुस्तैद दिख रही हैं। जनता को रिझाने के लिए ये दल कई चुनावी वादे भी कर रहे हैं। इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने चुनावी वादों के लिए भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये दल जब सत्ता में थे तब क्यों नहीं अपने वादे पूरे किए या जिन राज्यों में अभी इनकी सरकारें हैं वहां क्यों इन घोषणाओं पर काम नहीं कर रहे हैं।

मायावती ने ट्वीट कर कहा कि यूपी में खासकर भाजपा, सपा, कांग्रेस आदि के द्वारा प्रदेश की जनता को लुभाने व गुमराह करने के लिए आए दिन प्रलोभन भरे जो चुनावी वादों की झड़ी लगाई जा रही है, जिनको सत्ता में आने के बाद अधिकांशः भुला दिया जाता है। अभी तक का इनका यही इतिहास रहा है। जनता इनसे सतर्क रहे।

एक और ट्वीट में बसपा सुप्रीमो ने कहा, "अर्थात् भाजपा व सपा जनता को जो वादे कर रही हैं वे काम उन्होंने यहाँ अपनी सरकार के रहते हुए क्यों नहीं किए? कांग्रेस पार्टी भी महिलाओं को 40 % टिकट व स्कूटी आदि देने के जो वादे कर रही है वे काम इन्होंने उन राज्यों में क्यों नही किए जहाँ इनकी सरकारें हैं? यह भी सोचने की बात है।"

Advertisement

 

TAGS: यूपी, भाजपा, सपा, कांग्रेस मायावती, UP, Mayawati, BJP, SP, Congress
OUTLOOK 03 December, 2021
Advertisement