Advertisement
28 October 2024

वायनाड उपचुनाव: प्रियंका गांधी का भाजपा पर निशाना, संविधान के मूल्यों को लगातार कमजोर किया जा रहा है

कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को वायनाड लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि इसके शासन में संविधान के मूल्यों को लगातार कमजोर किया जा रहा है।

एआईसीसी महासचिव ने मीनांगडी में आयोजित एक नुक्कड़ सभा के दौरान मणिपुर में हुई हिंसा का उल्लेख किया और आरोप लगाया कि देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ ‘‘योजनाबद्ध’’ हमले हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपने इस सरकार को गुस्से और घृणा का प्रसार करते कई बार देखा है...।’’

प्रियंका ने यह भी दावा किया कि एक के बाद एक नीतियां आम लोगों के बजाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मित्रों के पक्ष में बनाई जा रही हैं।
Advertisement

प्रियंका ने अपने भाई राहुल गांधी, मां सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा कांग्रेस के प्रदेश नेताओं के साथ 22 अक्टूबर को कलपेट्टा शहर में एक रोडशो के बाद नामांकन दाखिल किया था। उसके बाद यह वायनाड का उनका दूसरा दौरा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस्तीफा देने के कारण वायनाड सीट पर उपचुनाव कराना पड़ रहा है। राहुल ने इस साल हुए आम चुनाव में वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली दोनों सीट से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने वायनाड से इस्तीफा दे दिया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Wayanad by-election, priyanka gandhi, bjp, narendra modi, congress
OUTLOOK 28 October, 2024
Advertisement