Advertisement
10 April 2025

वायनाड भूस्खलन: प्रियंका ने केंद्र पर लगाया विश्वासघात का आरोप, पीड़ितों की ऋण माफी पर सरकार को घेरा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने वायनाड के भूस्खलन पीड़ितों की ऋण माफी से इनकार करके उनके साथ विश्वासघात किया है।

 
वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "वायनाड भूस्खलन पीड़ितों ने घर, ज़मीन, आजीविका सब कुछ खो दिया है। फिर भी, सरकार ऋण माफी की पेशकश करने से इनकार करती है। इसके बजाय, उन्हें केवल ऋण पुनर्निर्धारण की सुविधा मिलती है।"
 
उन्होंने आरोप लगाया कि यह राहत नहीं है, बल्कि विश्वासघात है।
 
प्रियंका गांधी ने कहा, "हम इस उदासीनता की कड़ी निंदा करते हैं और वायनाड में अपने भाइयों और बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उनके दर्द को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। न्याय मिलने तक हम हर मंच पर उनकी आवाज उठाएंगे।"

पिछले साल 30 जुलाई को मुंदक्कई और चूरलमाला क्षेत्रों में एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे दोनों क्षेत्र लगभग पूरी तरह से तबाह हो गए। इस आपदा में सैकड़ों लोग घायल हुए, 200 से अधिक लोगों की जान चली गई और 32 लोग लापता हो गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Wayanad landslide, Priyanka Gandhi, BJP, Wayanad loan waver, Congress, Kerala
OUTLOOK 10 April, 2025
Advertisement