Advertisement
14 December 2016

कोहली के कोच ने कहा, पहले खुद का प्रदर्शन देखे एंडरसन

कोहली के कोच ने कहा, पहले खुद का प्रदर्शन देखे एंडरसन | PTI

कोहली ने मुंबई में चौथे टेस्ट मैच में 235 रन की धांसू पारी खेली थी जिस पर एंडरसन ने कहा था कि अनुकूल पिचें होने के कारण इस भारतीय बल्लेबाज की कमजोरियां सामने नहीं आ रही हैं। कोहली ने स्वयं एंडरसन के इस बयान को ज्यादा तवज्जो नहीं दी लेकिन उनके कोच ने इंग्लैंड के गेंदबाज पर ही तंज कसने में देर नहीं लगायी।

शर्मा ने भाषा से कहा, यह बचकाना बयान है। वह (एंडरसन) खुद भारतीय विकेटों पर क्या कर रहा है। पिछले दो टेस्ट मैचों से उसे एक भी विकेट नहीं मिला है। वह बहुत अच्छा गेंदबाज है लेकिन उन्हें भारतीय पिचों पर भी विकेट लेने होंगे। आप केवल इंग्लैंड की पिचों पर विकेट लेकर महान गेंदबाज नहीं बन सकते हो।

उन्होंने कहा, भारत तीन मैचों में जीत दर्ज करके श्रृंखला हासिल कर चुका है और विराट लगातार रन बना रहा है। यह असल में उनकी (एंडरसन) हताशा है। अगर तेज पिचों की ही बात कर रहे हैं तो इंग्लैंड से अधिक तेज विकेट तो आस्ट्रेलिया में हैं जहां विराट ने अब तक पांच शतक लगाये हैं। आस्ट्रेलिया में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।

Advertisement

कोहली ने आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर आठ टेस्ट मैचों में पांच शतक और दो अर्धशतकों की मदद से 992 रन बनाये हैं और उनका औसत 62.00 है। इनमें से चार शतक उन्होंने पिछली श्रृंखला में लगाये थे।

जहां तक एंडरसन का सवाल है तो उन्होंने वर्तमान श्रृंखला के जो तीन मैच खेले हैं उनमें केवल चार विकेट ले पाये हैं। पिछले दो मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है। भारतीय सरजमीं पर उन्होंने जो दस टेस्ट खेले हैं उनमें 26 विकेट लिये हैं और वह कभी पारी में पांच विकेट नहीं ले पाये।

भाषा

TAGS: Virat Kohli, coach Rajkumar Sharma, Jimmy Anderson, जेम्स एंडरसन, विराट कोहली
OUTLOOK 14 December, 2016
Advertisement