Advertisement
03 January 2017

लंच से पहले शतक जड़ने वाले दुनिया के पांचवें बल्‍लेबाज बने वार्नर

लंच से पहले शतक जड़ने वाले दुनिया के पांचवें बल्‍लेबाज बने वार्नर | google

वार्नर से पहले कंगारुओं की तरफ से डान ब्रैडमैन ने 1930 में यह कारनामा किया था जबकि विश्व क्रिकेट में उनसे पहले आखिरी बार 1976 में पाकिस्तान के माजिद खान ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

वार्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन लंच तक नाबाद 100 रन बनाये और बाद में 113 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कहा कि ब्रैडमैन जैसे दिग्गज बल्लेबाज के क्लब में शामिल होना सम्मान की बात है। वार्नर ने कहा, खेल के दिग्गजों के साथ शामिल होना वास्तव में सम्मान है। उम्मीद है कि मैं अपनी इस फार्म को आगे भी जारी रखूंगा।

आॅॅस्‍ट्रेलिया के विक्टर टंपर ने सबसे पहले 1902 में मैनचेस्टर में 103 रन बनाकर लंच से पहले शतक जड़ने का कारनामा किया था। उनके बाद आॅॅस्‍ट्रेलिया के ही चार्ली मैकार्टनी ने 1926 में लीड्स में 112 रन बनाकर इस सूची में अपना नाम लिखवाया। ब्रैडमैन ने 1930 में लीड्स में लंच से पहले 105 रन बनाये थे और इस पारी में 334 रन का रिकार्ड बनाया था।

Advertisement

इस सूची में चौथा नाम पाकिस्तान के माजिद खान का है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1976 में कराची में 108 रन बनाये थे। वार्नर ने 78 गेंदों पर सैकड़ा पूरा करके सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर सबसे तेज शतक का नया रिकार्ड भी बनाया। इससे पहले का रिकार्ड भी वार्नर के नाम ही था। उन्होंने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ 82 गेंदों पर शतक पूरा किया था। भाषा एजेंसी 

TAGS: डेविड वार्नर, ब्रैैडमैन, कंगारु, सिडनी, शतक, test match, cricket, warner, bradman, sydny
OUTLOOK 03 January, 2017
Advertisement