Advertisement
22 April 2019

धोनी की आतिशी पारी पर कोहली ने कहा, उन्होनें हमें डरा ही दिया था

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल के 39वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को एक रन से हरा दिया। हार के बाद बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने धोनी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि धोनी ने वही किया जो वो हमेशा से करते आ रहे हैं, उन्होंने हमे डरा ही दिया था।

एक ओवर में बनाए 24 रन

चेन्नै को आखिरी ओवर में जीत के लिए 26 रन बनाने थे। महेंद्र सिंह धोनी ने उमेश यादव के शुरुआती पांच गेंद पर 24 रन बना भी लिए थे, लेकिन आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर रन आउट हो गए और इस तरह चेन्नै को हार का सामना करना पड़ा। धोनी ने 48 गेंद पर नाबाद 84 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका इस सीजन का तीसरा और आईपीएल का 23वां अर्धशतक है।

Advertisement

छोटे अंतर से मैच जीतना लगता है अच्छा

आखिरी गेंद पर मुकाबले का निर्णय होने पर कोहली ने कहा कि हमने 19वें ओवर तक बेहतरीन गेंदबाजी की। तब तक हम मैच जीतने के दावेदार थे। आखिरी गेंद पर, वह (रन आउट) आखिरी चीज थी जिसकी मुझे उम्मीद थी। छोटे अंतर से मैच जीतना हमेशा अच्छा लगता है।

हमें ज्यादा बाउंड्री की जरूरत थी

हार के बाद धोनी ने कहा कि हमें शुरु से ही तेज खेलना चाहिए था। हमें शुरुआत में कुछ और चौके-छक्के लगाने की जरूरत थी। हमें ज्यादा बाउंड्री की जरूरत थी। अब आप देख सकते हैं कि यहां हमने एक और दो रन लिए, फिर भी हम एक ही रन से हारे। आप कह सकते है कि हम कुछ गेंदों को सीमपार नहीं पहुंचा पाए।

अब भी है प्लेऑफ में जाने की संभावना

यह चेन्नै की लगातार दूसरी हार है। इसके बावजूद वह अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। बेंगलुरु की सीजन में तीसरी जीत है। उसके छह अंक हो गए। उसे अभी चार मैच और खेलने हैं। सभी में जीत हासिल करने पर वह प्लेऑफ में पहुंच सकता है। बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल में 7 मैच बाद चेन्नै को हराया। उसने चेन्नै के खिलाफ पांच साल बाद जीत हासिल की। इससे पहले उसने आखिरी बार चेन्नै को 18 मई 2014 को रांची के स्टेडियम पर 5 विकेट से हराया था। उसके बाद से दोनों के बीच 8 मुकाबले हुए हैं। इस मैच से पहले सभी में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स जीत हासिल करने में सफल रही थी।

धोनी ने जड़ा इस आईपीएल का सबसे लंबा छक्का

रविवार को चेन्नै सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेले गए मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने इस आईपीएल सीजन का सबसे लंबा छक्का भी जड़ा। धोनी ने मैच के 20वें ओवर में 111 मीटर लंबा छक्का मारा। हालांकि आईपीएल 2012 में वह 112 मीटर लंबा छक्का लगा चुके हैं। इस सीजन की बात करें तो दूसरा सबसे लंबा छक्का हार्दिक पंड्या ने लगाया है जो 104 मीटर लंबा था। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Dhoni;s, innings, gave us, scare, kohli
OUTLOOK 22 April, 2019
Advertisement