Advertisement
16 December 2017

एशेजः स्मिथ, मार्श की बदौलत तीसरे टेस्ट पर ऑस्ट्रेलिया ने शिकंजा कसा

कप्तान स्टीव स्मिथ और मिशेल मार्श की शानदार पारियों की बदौलत एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट पर मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पूरी तरह से शिकंजा कस लिया है। अब बारिश ही मेहमान इंग्लैंड की एशेज बरकरार रखने की उम्मीदों को बचा सकती है। इंग्लैंड के गेंदबाजी को धता बताते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में 4 विकेट पर 549 रन बना लिए थे। स्मिथ 229 और मार्श 181 रन बनाकर खेल रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के पास 146 रन की बढ़त है और उसके छह विकेट बाकी हैं। ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला में 2-0 से आगे है और मौजूदा श्रृंखला में बने रहने के लिए इंग्लैंड को यह मैच हर हालत में जीतना होगा। चौथे दिन कल भारी बारिश की संभावना है। इंग्लैंड की टीम पूरे दिन में एक ही विकेट ले सकी जबकि 346 रन बने। स्मिथ ने अपना दोहरा टेस्ट शतक पूरा करते हुए सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने कैलेंडर वर्ष में 1000 रन पूरे कर लिए जबकि मार्श ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए अपने घरेलू मैदान पर पहला टेस्ट शतक जड़ा। स्मिथ और मार्श ने पांचवें विकेट की नाबाद साझेदारी में 301 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वाका पर यह सबसे बड़ी साझेदारी है।

अपने कल के स्कोर 92 रन से आगे खेलते हुए स्मिथ ने 22वां टेस्ट शतक 138 गेंद में पूरा किया। यह उनका सबसे तेज टेस्ट शतक था। इसके साथ ही 107वें टेस्ट में 22वां शतक बनाकर वे सबसे तेजी से इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे बल्लेबाज हो गए। डॉन ब्रैडमेन (58 पारियां) और सुनील गावस्कर (101 पारियां) ने ही उनसे जल्दी 22 टेस्ट शतक बनाए हैं। स्मिथ ने दोहरा शतक 301 गेंदों में पूरा किया जिसमें 26 चौके और एक छक्का शामिल था। वे अभी तक 390 गेंदों का सामना करके अपनी मैराथन पारी में 28 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। मार्श ने अपना शतक 130 गेंद में पूरा किया। उन्होंने 234 गेंद की अपनी पारी में 29 चौके लगाए।

Advertisement

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: एशेज, स्मिथ, मार्श, Ashes, Smith, Marsh
OUTLOOK 16 December, 2017
Advertisement