Advertisement
04 March 2021

इंग्लैंड की पहली पारी 205 रन पर सिमटी, भारत ने एक विकेट खोकर बनाए 24 रन

FILE PHOTO

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पहली पारी 205 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल पहले ओवर की तीसरी गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौट गए। भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक 12 ओवर में एक विकेट खोकर 24 रन बना लिए हैं। भारत पहली पारी में अभी 181 रन से पीछे है। 

अक्षर ने दूसरे टेस्ट की अपनी फॉर्म बरकरार रखते नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर इंग्लिश  बल्लेबाजों को एक बार फिर घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। पिछले  मैच में 11 विकेट लेने वाले पटेल ने आखिरी टेस्ट में 26 ओवर में 68 रन पर चार विकेट, अश्विन ने 19.5 ओवर में 43 रन पर तीन विकेट,तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 14 ओवर में 45 रन पर दो विकेट और पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने सात ओवर में 14  रन देकर एक विकेट लिया। भारत ने स्टंप्स तक शुभमन गिल का विकेट गंवाया जिन्हे तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पगबाधा किया। स्टंप्स के समय रोहित शर्मा आठ और चेतेश्वर पुजारा 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक 55 और डेनियल लॉरेंस ने 46 रन बनाये। कप्तान जो रुट पांच रन बनाकरआउट हुए। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत देने के मकसद से मैदान पर उतरे ओपनर जैक क्राली और डोमिनिक सिब्ले एक बार फिर अक्षर के आगे बेबस नजर आए। अक्षर का पहला शिकार सिब्ले बने जो दो रन पर ही अक्षर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद क्राली भी नौ रन के स्कोर पर चलते बने। अक्षर ने उन्हें मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट कराया। इस तरह इंग्लैंड के शुरुआती दो विकेट क्रमश: 10 और 15 रन पर ही गिर गए।

Advertisement

गेंदबाजी के मोर्च पर अश्विन भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने मध्यक्रम के बल्लेबाज ओली पोप के रूप में अपना पहला शिकार किया जो बढ़िया खेलने के बावजूद 29 रन पर अश्विन की गेंद पर शुभमन गिल को कैच थमा बैठे। अश्विन का अगला निशाना विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स बने जिन्हें अश्विन ने एक रन पर पवेलियन रवाना किया। इस तरह अक्षर और अश्विन ने मिलकर कुल सात विकेट निकाले।

इस बार तेज गेंदबाज माेहम्मद सिराज का भी सिक्का चमका। जाॅनी बेयरस्टो और कप्तान जो रुट के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण विकेट निकाले। सिराज ने दोनों को पगबाधा आउट किया। बेयरस्टो 28 और रुट मात्र पांच रन बना पाए और हताश पवेलियन लौट गए। पहले दिन के नजरिए से देखें तो सुंदर ने बेन स्टोक्स का सबसे महत्वपूर्ण चटकाया। पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से स्टोक्स सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनकी 55 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत ही इंग्लैंड 200 के स्कोर तक पहुंच पाया। स्टोक्स ने 121 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 04 March, 2021
Advertisement