Advertisement
22 April 2020

गौतम गंभीर ने चुना अपना फेवरेट कप्तान, ना धोनी, ना दादा जानिए किसको बताया सबसे बेहतर

FILE PHOTO

पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर ने सौरव गांगुली के नेतृत्व में अपना क्रिकेट डेब्यू किया था। गंभीर ने राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भी खेला है। उनके टीम इंडिया में रहते भारत ने 2007 का आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 का आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप भी जीता है। ये दोनों विश्व कप भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीते। गंभीर ने टेस्ट टीम में उस वक्त वापसी की, जब युवा विराट कोहली ने भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। गौतम गंभीर को कई बेहतरीन कप्तानों के साथ खेलने का मौका मिला है। और अब इन सभी में से उन्होंने अपने बेस्ट कप्तान को चुना है।

सफल भारतीय कप्तान के नेतृत्व में खेले

गंभीर 13 साल लंबे करिअर में लगभग हर सफल भारतीय कप्तान के नेतृत्व में खेले हैं। इन सबमें से किसी एक को चुनना आसान नहीं है, लेकिन जब गंभीर को निजी रूप से पसंदीदा कप्तान चुनने के लिए कहा गया तो उन्हें इसमें जरा झिझक नहीं हुई। गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में अनिल कुंबले को भारत का बेस्ट कप्तान बताया। उन्होंने कहा, ''रिकॉर्ड के मामले में महेंद्र सिंह धोनी टॉप पर हैं, लेकिन मेरे लिए जिनके अंडर में मैं खेला उनमें कुंबले बेस्ट कप्तान हैं।''

Advertisement

लंबे समय तक कप्तानी करते तो वह सारे रिकॉर्ड तोड़ते

उन्होंने कहा, ''अगर अनिल कुंबले लंबे समय तक कप्तानी करते तो वह कप्तानी के सारे रिकॉर्ड तोड़ सकते थे। सौरव गांगुली ने भी कप्तान के तौर पर अच्छा काम किया, लेकिन मैं हमेशा चाहता था कि कुंबले लंबे समय तक टीम की कप्तानी करें। मैंने उनके नेतृत्व में छह टेस्ट मैच खेले हैं। यदि उन्होंने लंबे समय तक टीम की कप्तानी की होती तो वह सारे रिकॉर्ड तोड़ देते।'' गंभीर ने अनिल कुंबले की तारीफ करते हुए कहा, ''कप्तान और नेता होने में फर्क होता है। मैं अपने करिअर में बहुत सारे कप्तानों के अंडर खेला। उनमें से अनिल कुंबले सबसे निस्वार्थ और ईमानदार इंसान हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।''

आईपीएल में खुद भी रहे हैं सफल कप्तान

वहीं, गौतम गंभीर खुद भी आईपीएल के सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। उनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो बार आईपीएल खिताब जीते हैं। साथ ही अनिल कुंबले अपने क्रिकेट करिअर के 17वें साल में नवंबर 2007 में राहुल द्रविड़ के कप्तानी छोड़ने के बाद कप्तानी संभाली थी। अनिल कुंबले ने 2007 और 2008 में भारत के लिए 14 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 3 जीते, 5 हारे और 6 ड्रॉ रहे।

आईसीसी की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं धोनी

अनिल कुंबले ने टेस्ट में 619 और वनडे में 337 विकेट लिए हैं। उनके संन्यास के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाली। धोनी की कप्तानी में भारत ने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी अपने नाम की है। धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं, जिनके नाम यह खास रिकॉर्ड दर्ज है। चेन्नई सुपर किंग्स भी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में तीन बार (2010, 2011, 2018) आईपीएल खिताब जीत चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Gautam Gambhir, chose, his, favorite, captain, neither, Dhoni, nor, Dada, know, best
OUTLOOK 22 April, 2020
Advertisement