Advertisement
26 January 2019

भारत ने न्यूजीलैंड को 90 रन से हराया, सीरीज में 2-0 से आगे

TWITTER

भारत ने माउंट माउनगानुई में खेले गए दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 90 रन से हरा दिया। टीम इंडिया से मिले 325 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 234 रन पर ऑल आउट हो गई। उसके लिए आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले डग ब्रेसवेल ने सर्वाधिक 57 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया पांच वनडे की सीरीज में 2-0 से आगे हो गई।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 324 रन बनाए। रोहित ने करियर का 38वां और धवन ने 27वां अर्धशतक लगाया। धवन 66 और रोहित 87 रन बनाकर आउट हुए। महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 48, अंबाती रायडू ने 47 और कप्तान विराट कोहली ने 43 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट और लॉकी फर्गुसन ने 2-2 विकेट लिए।

ऐसे गिरे न्यूजीलैंड के विकेट

Advertisement

पहला विकेट (4.6 ओवर): न्यूजीलैंड को पहला झटका पांचवें ओवर में ही लग गया। भुवनेश्वर कुमार ने मार्टिन गुप्टिल को युजवेंद्र चहल के हाथों कैच आउट कराया। गुप्टिल ने 16 गेंद की पारी में 15 रन बनाए।

दूसरा विकेट (7.5 ओवर): गुप्टिल के बाद क्रीज पर आए कप्तान केन विलियम्सन ने तेजी से बल्लेबाजी की और 11 गेंद में 20 रन बना दिए। वे ज्यादा देर टिक नहीं सके। आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद शमी ने विलियम्सन को बोल्ड कर दिया।

तीसरा विकेट (14.1 ओवर): 15वें ओवर की पहली गेंद पर दूसरे ओपनर कॉलिन मुनरो भी पवेलियन लौट गए। उन्हें युजवेंद्र चहल ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। मुनरो ने 41 गेंद में 31 रन बनाए।

चौथा विकेट (17.1 ओवर): 18वें ओवर में रॉस टेलर आउट हो गए। उन्हें केदार जाधव की गेंद पर धोनी ने स्टंप आउट कर कर दिया। टेलर ने 25 गेंद में 22 रन बनाए।

पांचवां विकेट (24.3 ओवर): कुलदीप यादव ने न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। उन्होंने 25वें ओवर की तीसरी गेंद पर टॉम लाथम को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। लाथम ने 32 गेंद में 34 रन बनाए।

छठा विकेट (26.6 ओवर): कुलदीप की इस गेंद को कोलिन डि ग्रांडहोम ने डीप मिडविकेट की ओर स्लाग किया। हालांकि, गेंद उनके बल्ले पर पूरी तरह से आ नहीं पाई और बाउंड्री से थोड़ा पहले केदार जाधव ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की।

सातवां विकेट (30.4 ओवर): कुलदीप की फ्लाइट और टर्न लेते गेंद पर हेनरी निकोलस चूक गए। उन्होंने बाहर आकर स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन गेंद थर्ड मैन पर खड़े मोहम्मद शमी के हाथों में पहुंच गई। इस समय टीम का स्कोर 166/7 रन था।

आठवां विकेट (30.5 ओवर): हेनरी की जगह ईश सोढ़ी ने ली। हालांकि, वे कुलदीप की स्पिन को समझ नहीं पाए और गेंद उनके लेग स्टम्प को उखाड़ गई। इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 166/8 रन था। कुलदीप के पास हैट्रिक का मौका था। हालांकि वे अपनी अगली गेंद पर विकेट नहीं ले पाए।

नौवां विकेट (39.2): भुवनेश्वर ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई। उन्होंने डग ब्रेसवेल को धवन के हाथों कैच आउट कराया। ब्रेसवेल ने 46 गेंद में 57 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान पांच चौके और तीन छक्के लगाए।

रोहित-धवन ने सचिन-सहवाग को पीछे छोड़ा

रोहित-धवन ने पहले विकेट के लिए 154 रन की साझेदारी की। इन दोनों के बीच यह 14वीं शतकीय साझेदारी है। रोहित-धवन ने इस मामले में विरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। सचिन-सहवाग ने 13 बार शतकीय साझेदारी की थी।

ऐसे गिरे भारत के विकेट:

पहला विकेट: भारत का पहला विकेट 26वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा। ट्रेंट बोल्ट ने धवन को विकेटकीपर टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। धवन ने 67 गेंद में 66 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने नौ चौके लगाए।

दूसरा विकेट: रोहित शर्मा के रुप में भारत को दूसरा झटका लगा। रोहित 96 गेंद में 87 रन बनाकर लॉकी फर्गुसन की गेंद पर कॉलिन डी ग्रैंडहोम को कैच थमा बैठे। उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए

तीसरा विकेट: भारत को तीसरा झटका कप्तान विराट कोहली के रुप में लगा। कोहली को 40वें ओवर में बोल्ट ने ईश सोढ़ी के हाथों कैच आउट कराया। भारतीय कप्तान ने 45 गेंद में 43 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके लगाए।

चौथा विकेट: 46वें ओवर में अंबाती रायडू पवेलियन लौट गए। वे अर्धशतक लगाने से चूक गए और 47 रन पर लॉकी फर्गुसन की गेंद पर आउट हो गए।

न्यूजीलैंड ने टीम में दो बदलाव किए

टीम इंडिया ने अंतिम-11 में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं न्यूजीलैंड ने दो बदलाव किए। उसने मिशेल सैंटनर की जगह ईश सोढ़ी और टिम साउदी की जगह कॉलिन डी ग्रैंडहोम को टीम में जगह दी। पांच वनडे की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अंबाती रायडू, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी।

न्यूजीलैंड: मार्टिन गुप्टिल, कॉलिन मुनरो, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम लाथम (विकेटकीपर), हेनरी निकोलस, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, डग ब्रेसवेल, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्गुसन, ट्रेंट बोल्ट।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Indian vs new zealand, 90 runs, 2-0, five odi match
OUTLOOK 26 January, 2019
Advertisement