Advertisement
13 June 2020

भारत के सबसे उम्रदराज फर्स्ट क्लास क्रिकेटर वसंत रायजी का 100 साल की उम्र में निधन

भारत के सबसे उम्रदराज प्रथम श्रेणी क्रिकेटर वसंत रायजी का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में आज तड़के 2:30 बजे आखिरी सांस ली। उनके दामाद सुदर्शन नानावटी ने मौत की पुष्टि की है। इसी वर्ष जनवरी में 100वां जन्मदिन मनाने वाले वसंत रायजी के जन्मदिन पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ केक लेकर पहुंचे थे। उनके निधन के बाद अब दुनिया के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर न्यूजीलैंड के एलन बरगेस (जन्म-1 मई, 1920) हैं।

दाएं हाथ के बल्लेबाज रायजी ने 1940 के दशक में 9 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे जिसमें 277 रन बनाए थे। उनका उच्चतम स्कोर 68 रन था। उन्होंने 1939 में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के लिए डेब्यू किया था। इसके दो साल बाद उन्होंने मुंबई की तरफ से पहला मैच खेला। तब विजय मर्चेंट की कप्तानी में टीम ने वेस्टर्न इंडिया के खिलाफ मैच खेला था। रायजी क्रिकेट इतिहासकार होने के साथ ही पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट भी थे। वे जब 13 साल के थे तब भारत ने अपना पहला टेस्ट बॉम्बे जिमखाना में खेला था।

इस साल जनवरी में राय जी के 100वें बर्थडे पर दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के साथ उनसे मिलने के लिए गए थे। तेंदुलकर ने ट्विटर पर उस वक्त लिखा था, ‘आपको 100वें जन्मदिन की शुभकामनाएं श्री वसंत रायजी। स्टीव और मैंने आपके साथ बहुत अच्छा समय बिताया और अतीत की कुछ अद्भुत क्रिकेट कहानियां सुनी। हमारे प्यारे खेल के बारे में यादों का खजाना आगे तक पहुंचाने के लिए आपका आभार।’

Advertisement

बता दें कि रायजी ने लाला अमरनाथ, विजय मर्चेंट, सीके नायडू और विजय हजारे के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है। उन्होंने कई किताबें लिखी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: India, oldest, first-class cricketer, Vasant Raiji, passes away
OUTLOOK 13 June, 2020
Advertisement