Advertisement
16 February 2015

विश्व कपः आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को धोया

एपी

ओवल में सोमवार को खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने 305 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य दिया तो कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि आयरलैंड इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा।

लेकिन आयरलैंड की टीम ने 45.5 ओवर में ही छह विकेट गंवाकर 307 रन बना लिए। इस लक्ष्य को आसान बनाने में पीआर स्टर्लिंग (92), ईसी जॉयस (84) और एनजे ओ ब्रायन (79 नाबाद) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वेस्टइंडीज की टीम में सीमंस ने शतक (102) और सामी ने 88 गेंदों पर 89 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम का स्कोर सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया लेकिन आयरलैंड ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। वेस्टइंडीज को अपनी कुंद गेंदबाजी के कारण यह मैच गंवाना पड़ा।

आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। आयरलैंड की सधी हुई गेंदबाजी और आठवें ओवर में ड्वेन स्मिथ (18) का सस्ते में निपटना तथा ब्रैवो का बिना खाता खोले पवेलियन लौटना वेस्टइंडीज के लिए भारी पड़ा। इसके बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के लिए हाथ खोलकर खेलना मुश्किल हो गया और 22वें ओवर में क्रिस गेल भी 24 रन बनाकर चलते बने।

TAGS: पूल बी मैच, आयरलैंड-वेस्टइंडीज, वेस्टइंडीज पराजित, उलटफेर
OUTLOOK 16 February, 2015
Advertisement