Advertisement
10 April 2016

कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेयरडेविल्स को नौ विकेट से रौंदा

कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेयरडेविल्स को नौ विकेट से रौंदा | पीटीआइ

दिल्ली के 99 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने कप्तान गौतम गंभीर (नाबाद 38 रन) और रोबिन उथप्पा (35) के बीच पहले विकेट की 69 रन की साझेदारी की बदौलत 35 गेंद शेष रहते एक विकेट पर 99 रन बनाकर जीत दर्ज की। मनीष पांडे 15 रन बनाकर नाबाद रहे। गंभीर ने 41 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके जड़े।

इससे पहले बाएं हाथ के स्पिनर हाग (19 रन पर तीन विकेट) और तेज गेंदबाज रसेल (24 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने डेयरडेविल्स की टीम 98 रन पर ढेर हो गई जो ईडन गार्डन्स में आईपीएल मैच में सबसे कम स्कोर है। तेज गेंदबाज जान हास्टिंग्स (छह रन पर दो विकेट) और लेग स्पिनर पीयूष चावला (21 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट हासिल किए जिससे दिल्ली की पूरी टीम 17.4 ओवर में सिमट गई।

यह सातवां मौका है जब डेयरडेविल्स की टीम 100 रन के स्कोर तक भी पहुंचने में नाकाम रही है जो सभी आईपीएल टीमों में सबसे खराब प्रदर्शन है। दिल्ली का कोई बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना पाया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकाक ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। उनके अलावा संजू सैमसन (15), पवन नेगी (11) और क्रिस मौरिस (11) भी दोहरे अंक तक पहुंचे लेकिन कोई टिककर बल्लेबाजी नहीं कर पाया।

Advertisement

मेजबान टीम के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि दिल्ली की पारी में सिर्फ आठ चौके और तीन छक्के लगे। केकेआर के गेंदबाज हालांकि वाइड के 12 अतिरिक्त रन नहीं देते तो दिल्ली की हालत और खराब होती। लक्ष्य का पीछा करने उतरे केकेआर को उथप्पा और कप्तान गंभीर की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। उथप्पा ने नाथन कोल्टर नील पर चौके के साथ खाता खोला और आईपीएल में 3000 रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बने। दिल्ली के कप्तान जहीर खान के अगले ओवर में गंभीर ने दो चौके मारे जबकि उथप्पा ने भी चौका जड़ा। उथप्पा ने अगले ओवर में कोल्टर नाइल पर भी दो चौके मारे। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर 47 रन तक पहुंचाया।

उथप्पा हालांकि लेग स्पिनर अमित मिश्रा की गेंद को उठाकर मारने के प्रयास में लांग आफ पर क्रिस मौरिस को कैच दे बैठे। उन्होंने 33 गेंद का सामना करते हुए सात चौके जड़े। पांडे ने मौरिस पर चौके के साथ खाता खोला जबकि गंभीर ने भी कोल्टर नाइल की गेंद को बाउंडी के दर्शन कराए। केकेआर को अंतिम आठ ओवर में जीत के लिए 17 रन की दरकार थी और उसे यह लक्ष्य हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। पांडे ने कोल्टर नील पर लगातार दो चौके जड़े जबकि गंभीर ने जहीर पर एक रन के साथ टीम को जीत दिला दी।

TAGS: खेल, क्रिकेट, आईपीएल, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली डेयर डेविल्स, ईडन गार्डन, गौतम गंभीर, जहीर खान, रॉबिन उथप्पा
OUTLOOK 10 April, 2016
Advertisement