Advertisement
14 March 2017

स्पॉट फिक्सिंग में पाक गेंदबाज मोहम्मद इरफान निलंबित

स्पॉट फिक्सिंग में मोहम्मद इरफान निलंबित | google

पीसीबी ने बयान में कहा कि  पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड संभावित भ्रष्टाचार गतिविधियों की अपनी जांच में आगे बढ़ रहा है और पीसीबी भ्रष्टाचार रोधी संहिता के अंतर्गत इरफान को आरोप संबंधित नोटिस भेजा गया। इसके अनुसार, इरफान को संहिता की धारा 2.4.4 के दो उल्लघंनों के लिए आरोपी बनाया गया है और उसके पास इस नोटिस का जवाब देने के लिए 14 दिन हैं।

बोर्ड ने कहा कि  उसे तुरंत प्रभाव क्रिकेट के सभी प्रारूपों में भाग लेने से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। वह भ्रष्टाचार रोधी संहिता के अंतर्गत निलंबित होने वाले तीसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी है। पीसीबी ने शार्जील खान और खालिद लतीफ को पीएसएल के दूसरे दिन दुबई से वापस भेजने का फैसला किया था। उन्हें भी पिछले महीने भ्रष्टाचार रोधी नियमों के अनुसार अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था।

इरफान कल पीसीबी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई और शीर्ष कानूनी विशेषज्ञ के समक्ष पेश हुए थे और बोर्ड में जुड़े सूत्रों के अनुसार उन्होंने एक संदिग्ध सट्टेबाज से मुलाकात की बात स्वीकार की थी जिसने उन्हें मैचों में स्पाट फिक्सिंग करने के लिए कहा था।  चौंतीस वर्षीय इरफान ने अपने करियर में चार टेस्ट, 60 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

Advertisement

इरफान ने किसी भी पेशकश को स्वीकार करने से इनकार किया लेकिन उन्होंने यह माना था कि उन्होंने इस मामले की रिपोर्ट बोर्ड को नहीं की थी। इरफान ने दावा किया कि उसकी मां की मृत्यु के कारण वह पिछले तीन महीनों से काफी मानसिक तनाव में था। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में मैच फिक्स करने के लिये किसी तरह की पेशकश हुई थी। अन्य निलंबित खिलाडि़यों ने भी कुछ गलत करने के आरोपों से इनकार किया था और उनके भाग्य पर फैसला करने के लिए एक पंचाट का भी गठन किया गया था।

पीसीबी चेयरमैन शहरयार खान ने कहा कि अगर किसी को दोषी पाया जाता है तो खिलाडि़यों पर आजीवन प्रतिबंध लग सकता है क्योंकि बोर्ड किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगा। (एजेंसी)

TAGS: स्पॉट फिक्सिंग, मोहम्मद इरफान, निलंबित, क्रिकेट, पाकिस्तान, पीसीबी
OUTLOOK 14 March, 2017
Advertisement