Advertisement
16 October 2019

शोएब अख्तर ने की सौरव गांगुली की तारीफ, कहा उनकी कप्तानी में ही हिन्दुस्तान ने पाकिस्तान को हराना शुरु किया

शोएब अख्तर ने की सौरव गांगुली की तारीफ, कहा उनकी कप्तानी में ही हिन्दुस्तान ने पाकिस्तान को हराना शुरु किया

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अगले अध्यक्ष बनने को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं। भारतीय क्रिकेटरों के बीच दादा के नाम से लोकप्रिय गांगुली को इस नए रोल के लिए अब सरहद पार से भी बधाई मिल रही है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में गांगुली का समर्थन किया है।

गांगुली को है क्रिकेट का अच्छा ज्ञान

आईपीएल में गांगुली की कप्तानी में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने वाले शोएब अख्तर का मानना है कि गांगुली ने अपने कठिन समय के दौरान खिलाड़ियों की मानसिकता को बदलने के अलावा भारतीय क्रिकेट को भी बदला है क्योंकि उन्हें क्रिकेट का अच्छा ज्ञान है।

Advertisement

उन्होने भारतीय क्रिकेट की मानसिक सोच बदली

अख्तर ने अपने यू-टयूब चैनल पर कहा कि मुझे लगा कि हिन्दुस्तान क्रिकेट जो बदलने आया था, एक बंदा था और उसका नाम सौरव गांगुली था। इससे पहले 1997-98 के पहले मुझे कभी नहीं लगा कि हिन्दुस्तान शायद पाकिस्तान को हरा पाएगा। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि भारत के पास वह सिस्टम नहीं है जिससे वह पाकिस्तान को हरा सके लेकिन सौरव के आने के बाद भारतीय क्रिकेट की मानसिक सोच बदली। भारत के लिए खेलने वाले टेलैंट को चुनने पर उन्होंने खास नजर रखी। शोएब ने कहा सौरव गांगुली एक महान लीडर हैं। जहां तक टेलैंट को चुनने की बात है वे बेहद ईमानदार हैं। क्रिकेट का उनका ज्ञान गजब का है।

सिर्फ छह साल के लिए किसी पद पर रह सकते हैं

गांगुली ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल किया था। उनका निर्विरोध बीसीसीआई प्रमुख बनना तय है। हालांक गांगुली एक साल से भी कम समय के लिए बीसीसीआई के बॉस रहेंगे। सितम्बर 2020 में वह कूलिंग-ऑफ पीरियड में चले जाएंगे क्योंकि वह बीते पांच साल से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB)के अध्यक्ष हैं। बीसीसीआई संविधान के मुताबिक कोई भी अधिकारी सिर्फ छह साल के लिए किसी पद पर रह सकता है। अभी बीसीसीआई की कमान प्रशासकों की समिति के पास है लेकिन 23 अक्टूबर को यह समिति गांगुली और उनकी नई टीम को जिम्मेदारी सौंपकर मुक्त हो जाएगी।

TAGS: Shoaib Akhtar, Ganguly, skipper, India
OUTLOOK 16 October, 2019
Advertisement