Advertisement
06 September 2016

श्रीलंका के खिलाफ आस्ट्रेलिया की हार से पोंटिंग निराश

यहां एक कार्यक्रम के इतर पोंटिंग ने कहा, मैं नतीजे से निराश हूं। मुझे लगता है कि मेरे लिए सबसे निराशाजनक यह है कि श्रीलंका की टीम काफी युवा, अनुभवहीन थी और साथ ही उन्होंने आस्ट्रेलिया को आसानी से हरा दिया। उन्होंने कहा, हालात काफी चुनौतीपूर्ण थे लेकिन आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी होने के नाते आपको पता है कि उपमहाद्वीप में हर जगह आपको इस तरह के हालात का समाना करना होगा। वनडे में हालांकि उन्होंने जिस तरह वापसी की उससे मैं काफी खुश हूं।

पोंटिंग ने कहा कि आस्ट्रेलिया को नये साल में भारत के दौरे पर अगर अच्छा प्रदर्शन करना है तो उन्हें काफी कड़ी मेहनत करनी होगी। आस्ट्रेलिया को 2012-13 में पिछले दौरे पर 0-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।पोंटिंग ने कहा, उन्हें जल्द ही भारत के खिलाफ भारत में खेलना होगा। इसलिए अगर खिलाडि़यों के इस समूह को लगता है कि वे यहां अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं तो उन्हें काफी कड़ी मेहनत करनी होगी। तकनीकी रूप से भी और हालात को लेकर भी। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान का साथ ही मानना है कि भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की तरह ही टीम की अगुआई कर रहे हैं। आईपीएल में पिछले दो सत्र में मुंबई इंडियन्स के कोच रहे पोटिंग ने साथ ही कहा कि वह नहीं बता सकते कि रोहित शर्मा सीमित ओवरों के क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन करने के बावजूद टेस्ट क्रिकेट में प्रभावित क्यों नहीं कर पा रहे।

TAGS: आस्ट्रेलिया, रिकी पोटिंग, क्रिकेट, श्रीलंका, भारत, विराट कोहली, टेस्ट मैच, वनडे
OUTLOOK 06 September, 2016
Advertisement